झुंझुनूं. झुंझुनूं विधानसभा की सात सीटों का आज करीब 16 लाख 40 हजार 653 मतदाता फैसला करेंगे। इसके लिए सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। जिले की सातों सीटों पर विभिन्न दलों और निर्दलीयों के रूप में 92 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इन सभी का भाग्य का फैसला इवीएम में बंद होकर 11 दिसंबर को मतगणना के दिन खुलेगा। सातों विधानसभाओं में मतदान के लिए 1770 बूथ बनाए गए हैं। जिसमें 7080 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। साथ ही 112 माइक्रो आब्जर्वर, 165 सैक्टर मजिस्ट्रेट, विधान सभावार दस एरिया मजिस्ट्रेट व 18 थाना मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं।
मतदान शुरू होने के साथ ही जिले के कई बूथों पर इवीएम मशीन खराब हो गई। झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र बगड़ कस्बे में बूथ संख्या ८९ में इवीएम मशीन खराब होने से मतदाता बिना मतदान किए हुए ही वापस लौटने लगे। मशीन खराब होने से तकनीकी कर्मचारी को मौके पर बुलाया गया। मतदान के लिए दूसरी मशीन की व्यवस्था की जा रही है। इधर, सूरजगढ़ क्षेत्र के बुहाना में पुहानिया के १६८ नम्बर बूथ पर इवीएम मशीन खराब हो गई। चिड़ावा के श्योपुरा बूथ पर इवीएम मशीन खराब हो गई। यहां पर करीब ४० मिटन देरी से मतदान शुरू हुआ।
4500 सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में होगा मतदान
जिले की सातों विधानसभाओं में सुरक्षित मतदान करवाने के लिए 4500 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। 16 अद्र्धसैनिक बलों की टुकडिय़ों सहित आरएसी व पुलिसकर्मी चप्पे.चप्पे पर निगरानी रखेंगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकए तीन वृत्ताधिकारी सहित अन्य सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
पुलिस ने जिले में 160 बूथों को संवेदनशील घोषित किया है। मतदान प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस मुख्यालय की ओर से पुलिस अधीक्षक को इन सभी जगहों पर सुरक्षित मतदान करवाने के लिए अद्र्धसैनिक बलों को नियुक्त करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा जिला निर्वाचन विभाग ने 167 मोबाइल पार्टियां बनाई है।जो कि हर दस मिनट के भीतर केन्द्रों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी को रिपोर्ट करेगा।
मतदान के दौरान हरियाणा सीमा पर विशेष नजर
गत् चुनावों में सूरजगढ़ में फायरिंग की घटना हो चुकी है।जिले की सीमा से हरियाणा जुड़े होने के कारण अपराधियों के मतदान प्रभावित करने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसकों देखते हुए सीमा क्षेत्र में निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाए गए हैं। सीमा पर अद्र्धसैनिक बल व आरएसी को तैनात किया है।
102 केन्द्रों पर वेब कास्टिंग
निर्वाचन विभाग ने जिले में 102 संवेदनशील बूथों का चयन कर वेब कास्टिंग करवाई जाएगी। निर्वाचन विभाग की माने तो सबसे ज्यादा गड़बड़ी वाले बूथ सूरजगढ़ व उदयपुरवाटी विधानसभा में हैं। जिनमें लाइव वेब कास्टिंग होगी। ताकि जनता किसी पर आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगा सके।





No comments:
Post a Comment