करौली/हिण्डौनसिटी.
दिल्ली-मुम्बई रेल मार्ग पर हिण्डौन-फतेहसिंहपुरा रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से बुधवार रात एक युवक व उसके दो पुत्रों की मौत हो गई। कोहरे की वजह से लोको पायलट को भी घटना का पता नहीं चला। रात करीब सवा 12 बजे अप ट्रैक गश्तीदल ने ड्यटी स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस व आरपीएफ का जाप्ता मौके पर पहुंचा।
इस बीच मृतकों के परिजन व ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और बिना कानूनी कार्रवाई कराए शवों को घर ले गए। घटना के बाद से परिवार में परिवार में मातम पसर गया। मृतक बनकी ग्रामपंचायत के सूबेदार का पुरा गांव निवासी रमेश (35) पुत्र नवल गुर्जर, उसका पुत्र सोनू (10) व मोनू (8) हैं। पिता व पुत्रों के शव की गुरुवार सुबह अंत्येष्टि कर दी गई। घटना में किसी की ओर से मामला दर्ज नहीं कराया गया। हालांकि पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच में जुटी है।
सदर थाना प्रभारी लोकेन्द्रसिंह ने बताया कि सूबेदार का पुरा निवासी रमेश गुर्जर बुधवार रात बच्चों व पत्नी के साथ करौली रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में विवाह समारोह में गया था। देर रात वह पत्नी को अन्य महिलाओं के साथ आने की बात कह बाइक से पुत्र सोनू और मोनू को साथ ले घर आ रहा था। वह बाजना फाटक से निकलने की बजाय करीब दो किलोमीटर दूर इनलैण्ड कंटेनर डिपो के आगे निकल आया। परिजनों और पुलिस की माने तो वह शॉर्टकट के रास्ते गांव पहुंचने के लिए अप ट्रैक के किनारे बाइक खड़ी कर बच्चों को पटरी पार करा रहा था। कोहरे के कारण अपट्रैक पर दिल्ली की ओर से आ रही ट्रेन उसे नजर नहीं आई और पटरी पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। पत्नी परिजनों के साथ जब घर पहुंची तो उसे पति व पुत्र नहीं मिले। इस पर परिजनों की साथ उन्हें तलाशा तो पटरी के किनारे शव मिले। परिजन पुलिस से कानूनी कार्रवाई नहीं चाहने का आग्रह कर शवों को गांव ले गए और दूसरे दिन सुबह अंत्येष्टि कर दी।
छह किलोमीटर दूर मिला दूसरा शव-
स्टेशन अधीक्षक गजानंद गुप्ता ने बताया कि रात करीब सवा 12 बजे रेलपथ विभाग का चाबीवाला महेंद्रसिंह व अतर सिंह अप ट्रैक पर हिण्डौन से फतेहसिंहपुरा की तरफ पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें खंभा क्रमांक 1139/29 के पास पटरी के सहरे गिट्टियों पर दो शव पड़े मिले। चाबी वालों की सूचना पर ड्यूटी स्टेशन मास्टर राजेंद्र प्रसाद गोयल ने आरपीएफ चौकी प्रभारी गोर्धनसिंह चाहर को मय जाप्ता मौके पर भेजा।
घटना स्थल सदर थाना क्षेत्र में होने से सदर थाना पुलिस को बुलाया गया। वहीं हिण्डौन से श्रीमहावीरजी की ओर पेट्रोलिंग कर रहे चाबी वाले विजयपाल को सिकरौदा रेल फाटक के पास अप ट्रैक पर खंभा क्रमांक 1133 पर के पास पटरी पर शव पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार तीसरा शव इंजन के कैटल गार्ड में उलझ कर छह किलोमीटर दूर आगे चला गया। जो ब्रेक लगने पर गति के झटके से पटरी पर गिर गया।
इनका कहना है-
पिता-पुत्रों की मौत ट्रेन की चपेट में आने हुई है। किसी ट्रेन के लोको पायलट ने घटना का मौमो नहीं दिया। -गजानंद गुप्ता, स्टेशन अधीक्षक, रेलवे स्टेशन, हिण्डौनसिटी.
मामला सदर थाना क्षेत्र का है-
इस मामले में घटना स्थल सदरथाना क्षेत्र की होने से कार्रवाई के लिए सदरथाना पुलिस को बुलाया गया। परिजन भी मौके पर आ गए थे।
-गोर्धनसिंह चाहर, प्रभारी आरपीएफ चौकी, रेलवे स्टेशन, हिण्डौनसिटी।
परिजन नहीं चाहते कार्रवाई, करेंगे जांच
मौके पर आए परिजन घटना में कार्रवाई नहीं चाहने का लिखित पत्र दिया था। पोस्टमार्टम व अन्य कार्रवाई नहीं कराने का आग्रह कर मौके से शवों को ले गए। फिर भी पुलिस संदेह की दृष्टि से मामले की अपने स्तर पर जांच करेगी।
- लोकेन्द्र सिंह, थानाधिकारी सदर थाना हिण्डौनसिटी।





No comments:
Post a Comment