Breaking News
recent

कल्याणकारी योजना से समय पर नहीं मिलेगा 'अमृत'

सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर नगर परिषद क्षेत्र में 24 घंटे जलापूर्ति करने के लिए चलाई गई अमृत योजना का कार्य कछुआ चाल से चल रहा है। जिला मुख्यालय पर जलदाय विभाग ने योजना के तहत बारिश से पूर्व लाइन बिछाने का काम शुरू किया था, लेकिन अब तक महज तीस प्रतिशत ही काम हो पाया है। आलम यह है कि करीब तीन माह से तो काम ही बंद है। अब काम पूरा करने की निर्धारित अवधि में महज छह माह का समय शेष है। ऐसे में काम पूरा होना एक बड़ी चुनौती नजर आ रहा है। जलदाय विभाग की ओर से काम एक निजी कंपनी से ठेके पर कराया जा रहा है। गत वर्ष बारिश के दिनों में जिले में यह काम शुरू किया गया। इसके तहत कंपनी के कार्मिकों ने जिला मुख्यालय पर सड़कों को खोदकर राइजिंग लाइन बिछाने का काम शुरू किया, लेकिन अब बारिश के बाद से ही काम बंद है।


जून 2019 तक पूरा करना है काम
कंपनी को अगले साल 2019 में जून माह तक नगर परिषद के शहरी क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाकर पेयजल आपूर्ति का काम पूरा करना है। ऐसे में अब कंपनी के पास महज छह माह ही बचे है, जबकि पिछले कई माह से काम ठप पड़ा है।


छह टंकिया बनानी है
योजना के तहत जिला मुख्यालय के शहरी क्षेत्र में जलदाय विभाग की ओर से पानी की छह टंकियों का निर्माण भी किया जाना है। इनके लिए विभाग की ओर से स्थान भी चिह्नित किए जा चुके हैं। इसके तहत बजरिया में चार व दो टंंकियों का निर्माण शहर में किया जाना है, लेकिन अब तक एक भी टंकी का निर्माण नहीं किया गया है।


नहीं बिछी राइजिंग लाइन
जलदाय विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कं पनी की ओर से जलापूर्ति के लिए नगर परिषद क्षेत्र में राइजिंग व सप्लाई दो पाइप लाइन बिछाई जानी थी, लेकिन अब तक राइजिंग लाइन बिछाने का काम बहुत धीरे है। केवल माधोसिंहपुरा में ही थोड़ी सी राइजिंग लाइन बिछाई जा सकी है। वहीं सप्लाई लाइन बिछाने का काम भी अधूरा ही पड़ा है। वहीं योजना के तहत नगर परिषद क्षेत्र में 5400 लोगों को कनेक्शन जारी किए जाने थे, लेकिन अब तक एक भी कनेक्शन जारी नहीं हो सका है।


एक साल में महज 30 प्रतिशत ही हो पाया काम
54 करोड़ की है योजना
1 लाख 40 हजार लोग होंगे
लाभांवित
14 किमी की राइजिंग लाइन बिछाई जानी है
22 किमी की सप्लाई लाइन बिछाई जानी है
6 किमी की सप्लाई लाइन बिछाई गई है अब तक
5400 कनेक्शन जारी करने हैं
6 टंकियों का किया जाना है निर्माण
सड़कों की दशा नहीं सुधारी
कंपनी की ओर से पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोद तो दिया गया, लेकिन अब लाइन बिछाने के बाद कंपनी की ओर से सड़कों की मरम्मत नहीं की गई। मरम्मत के नाम पर कंपनी की ओर से महज थोड़ी से मिट्टी डालकर ही खानापूर्ति कर दी गई।


काम की गति धीमी है। इस संबंध में गत दिनों कंपनी के ठेकेदार के साथ बैठक कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही काम फिर से गति पकड़ लेगा।
रामनिवास मीणा, अधीक्षण अभियंता, जलदाय विभाग, सवाईमाधोपुर।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.