Breaking News
recent

फिर कैसे घटे रोगियों का दबाव

गंगापुरसिटी. सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए स्वास्थ्य केन्द्रों को क्रमोन्नत कर विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद स्वीकृत किए, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में रोगियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में उपखंड मुख्यालय स्थित सामान्य चिकित्सालय में रोगियों का दबाव कम नहीं हो पा रहा है। ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्र में तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) संचालित है। इन केन्द्रों पर कनिष्ठ विशेषज्ञ दो-दो पद सर्जरी व मेडिसन के स्वीकृत है, लेकिन एक भी कनिष्ठ विशेषज्ञ कार्यरत नहीं हैं। इसके चलते विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा प्राप्त करने के लिए रोगियों को उपखंड मुख्यालय पर आना पड़ रहा है। हालांकि कुछ स्थानों पर कनिष्ठ विशेषज्ञ के पद के विरूद्ध चिकित्सा अधिकारी लगाए हुए हैं।


एक हजार ओपीडी


ग्रामीण क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव के चलते उपखंड मुख्यालय के सामान्य चिकित्सालय में हमेशा रोगियों का दबाव रहता है। वर्तमान में सामान्य चिकित्सालय में प्रतिदिन ८०० से १००० रोगी उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि गर्मी के मौसम में तो यह संख्या १५०० रोगियों तक पहुंच जाती है। जानकारों का कहना है कि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा मिल जाए तो सामान्य चिकित्सालय में रोगियों की संख्या में कमी आ सकती है।


यह है स्थिति


उपखंड में सामान्य चिकित्सालय के बाद वजीरपुर का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सबसे बड़ा है। यहां पर स्वीकृत कनिष्ठ विशेषज्ञ सर्जरी व मेडिसन के दोनों ही पद रिक्त है। इसी प्रकार खण्डीप व पीलोदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की स्थिति भी ऐसी ही हैं। यहां दो-दो पदों में से एक-एक रिक्त है। वहीं एक-एक पद पर पद विरूद्ध चिकित्सक लगाए हुए हैं। हालांकि पद विरूद्ध चिकित्सक लगाने से चिकित्सकों की संख्या तो बढ़ी है, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सक की सुविधा अभी भी दूर की कोडी साबित हो रही हैं।


बीसीएमएचओ गंगापुरसिटी डॉ. एस.डी. शर्मा ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर कनिष्ठ विशेषज्ञ के दो-दो पद स्वीकृत है, लेकिन एक भी जेएस नहीं है। हालांकि दो स्थानों पर पद विरूद्ध चिकित्सक लगे हुए हैं।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र वजीरपुर के प्रभारी डॉ. आर.के. मीना का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर जेएस के दोनों पद रिक्त है। इसके चलते सर्जरी वाले रोगियों को रैफर करना पड़ता है।


एक नजर में चिकित्सा संस्थान


०१ सामान्य चिकित्सालय
०३ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र
०५ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र
५१ स्वास्थ्य केन्द्र



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.