Breaking News
recent

पाली में योगी बोले- कांग्रेस ने आतंकियों को बिरयानी खिलाई, भाजपा ने गोली मारी

पाली/जैतारण। पाली जिले के जैतारण विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी अविनाश गहलोत के समर्थन में बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने रास गांव स्थित रास मंडी जस्सानाथजी की समाधि में जनसभा की। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए।

सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस ने पचास सालों तक राजस्थान सहित हिंदी भाषी राज्यों को बीमारू श्रेणी में लाकर छोड़ा। ईश्वर की कुदृष्टी से अब कांग्रेस खुद बीमार हो गई है। कांग्रेस ने आतंकियों व नस्लवादियों को संरक्षण दिया है।

अब कांग्रेस से इस देश को मुक्त करना है। गांधीजी ने भी यहीं कहा था कि कांग्रेस मुक्त भारत होना चाहिए, वह समय अब आ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को आतंकवाद, अराजकता, भ्रष्टाचार व नक्सलवाद दिया है।

कांग्रेस ने जातिवाद के आधार पर सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न किया है। आतंकियों को कांग्रेस ने बिरयानी खिलाई, जबकि भाजपा ने गोली मारी। कांग्रेस नक्सलवादियों को क्रांतिकारी कह रही है, जबकि भाजपा देश की सुरक्षा, स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं करती।

कांग्रेस अध्यक्ष पर प्रहार
करीब पन्द्रह मिनट के भाषण में उन्होंंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता भी राहुल गांधी पर भरोसा नहीं करते। जहां राहुल सभा करते हैं, वहां कांग्रेस की हार निश्चित है। राहुल के नेतृत्व में 17 चुनाव कांग्रेस हार चुकी है, राहुल ने कांग्रेस को हराने की जिम्मेदारी ले ली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास नेतृत्व, नीति व नियति नहीं है।

अब कांग्रेस से उम्मीदें समाप्त हो चुकी है, ऐसे में आमजन को कांग्रेस का समर्थन नहीं करना चाहिए। उन्होंने भाजपा की योजनाओं को सराहा। मोदी व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यों का गुणगान किया। उन्होंने रामायण की चौपाइयां सुनाई और कार्यकताओं को पांच-पांच वोट नए मतदाताओं से भाजपा के समर्थन में दिलवाने का संकल्प करने को कहा।

योगी निर्धारित समय से करीब सवा घंटे देरी से सवा दो बजे सभा स्थल पहुंचे। उन्होंने जस्सानाथ समाधि स्थल के दर्शन किए। सभा में मंच पर समाधि स्थल के महंत नारायणनाथ महाराज, संत तपस्वी हरिरामदास महाराज, सोजत विधायक संजना आगरी, राजसमंद सासंद हरिओम सिंह राठौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष करण सिंह नेतरा, पीसीसीबी चैयरमैन पुष्पेन्द्र सिंह कुड़की, जिला परिषद सदस्य मल्लाराम सीरवी, पूर्व प्रधान कमला चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.