चूरू/तारानगर
तहसील के गांव झोथड़ा की रोही में मंगलवार सुबह 8 बजे एक पैंथर कहीं से भटकता हुआ आ गया। पैंथर ने खेत की रखवाली कर रहे दो किसानों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। खेतों में पैंथर घुसने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचें व पैंथर को घेरकर उसे लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला।
जानकारी के मुताबिक गांव झोथड़ा निवासी चंदूराम जाट (65) व सुरेश प्रजापत (27) मंगलवार सुबह 8 बजे गांव की रोही में स्थित अपने खेतों की रखवाली कर रहे थे। उस दौरान कहीं से भटकता हुआ एक पैंथर सुरेश के खेत में आ गया। पैंथर ने खेत में रखवाली कर रहे सुरेश पर अचानक हमला कर दिया। सुरेश के हल्ला मचाने पर पैंथर पड़ौस में स्थित चंदूराम के खेत में चला गया और वहां चंदूराम के पर भी हमला बोल दिया। हमले में दोनों घायल हो गए।
हमले के बाद पैंथर पास ही एक खेत में खेजड़ी के पेड़ की काटी पड़ी सूखी झाडिय़ों में छुप गया। गांव के खेतों में पैंथर घुसने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों में दशहत फैल गई। ग्रामीण एकत्रित होकर हाथों में लाठियां लेकर पैंथर की तलाश में खेतों में पहुंच गए। ग्रामीणों ने झाडिय़ों में छिपे बैठे पैंथर को चारों ओर से घेर लिया व उसे लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला। इस दौरान पैंथर ने भागने का प्रयास किया लेकिन चारों ओर से घिरे होने के कारण वह ग्रामीणों के चुंगल से भाग न सका।
खेतों में पैंथर घुसने की सूचना मिलने चूरू के उप वन संरक्षक बनवारीलाल शर्मा, सहायक वन संरक्षक दलीपसिंह राठौड़, पुलिस उप अक्षीक्षक सुरेशचन्द्र जांगिड़ आदि अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। वन विभाग के अधिकारियों ने मृत पैंथर के शव को पिकअप में डालकर चूरू ले गए। चूरू में मेडिकल टीम से पैंथर के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उधर पैंथर के हमले में घायल चंदूराम व सुरेश को तारानगर के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां गंभीर घायल चंदूराम को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे चूरू रेफर कर दिया। मामूली घायल सुरेश का उपचार कर घर भेज दिया गया। मृत पैंथर को देखने के लिए खेत में ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई।





No comments:
Post a Comment