Breaking News
recent

चुनाव का काउंटडाउन शुरू,न भौंपू प्रचार और न ही इस बार नारों का ही शोर!

जैसलमेर. सूबे की राजनीतिक किस्मत का फैसला करने वाले विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। आगामी 7 दिसम्बर को प्रदेश के अन्य 198 विधानसभा क्षेत्रों के साथ जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी मतदान होगा, लेकिन जैसलमेर जिला मुख्यालय पर चुनावी माहौल इस बार अब तक बन ही नहीं पाया। पार्टियों तथा उनके उम्मीदवारों की प्रचार सामग्री बहुत मुश्किल से देखने में आ रही है। बड़े बैनर तथा पोस्टर तो ढूंढ़े से भी नजर नहीं आते। यही स्थिति दोनों प्रमुख पार्टियों कांग्रेस और भाजपा के चुनाव चिन्हों वाली झंडियों की है। उनका प्रदर्शन सार्वजनिक स्थानों अथवा निजी सम्पत्तियों पर तो दूर इन पार्टियों के स्थायी कार्यालयों तक पर नगण्य नजर आता है। दोनों दलों ने शहर के हृदय स्थल गोपा चौक में चुनावी कार्यालय अवश्य खोले हैं।
आचार संहिता का भय भी
चुनाव में प्रचार सामग्री का इतना सीमित उपयोग आज से पहले कभी नहीं देखा गया। इसके पीछे निर्वाचन विभाग की आदर्श आचार संहिता के कड़े प्रावधानों का असर मानने वालों की कमी नहीं है। गौरतलब है कि सार्वजनिक सम्पत्तियों पर चुनाव सामग्री का प्रदर्शन नहीं किया जा सकता और निजी घरों-दुकानों आदि पर भी संबंधित व्यक्ति की मंजूरी ली जानी आवश्यक है।
हकीकत यह भी
दोनों दलों के प्रत्याशियों और उनके कार्यकर्ताओं की ओर से सोशल मीडिया पर प्रचार को तवज्जो दिए जाने से बैनर-पोस्टर, पेम्पलेट, नमूना मतपत्र, पोस्टर, स्टीकर, बैज आदि का कम से कम इस्तेमाल हो रहा है। सरकारी स्तर पर अधिकाधिक मतदान के लिए मतदाताओं को प्रेरित करने से संबंधित विशाल हॉर्डिंग जरूर सबका ध्यान अपनी ओर से खींच रहे हैं।
जिला मुख्यालय में एक ही जनसभा
जैसलमेर में इस चुनाव को लेकर एकमात्र बड़ी जनसभा भाजपा की ओर से हनुमान चौराहा पर की गई। जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय राज्यमंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत शामिल हुए। कांग्रेस ने इस बार जैसलमेर में कोई चुनावी जनसभा आयोजित नहीं करवाई है। आगामी दिनों में भी इसकी संभावना नहीं के बराबर है, जबकि पोकरण क्षेत्र में गत 26 नवम्बर को एक ही दिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ की बड़ी जनसभाओं का आयोजन किया गया। कांग्रेस के रूपाराम मेघवाल और भाजपा के सांगसिंह भाटी का अधिकांश समय गांवों में प्रचार व जनसम्पर्क में बीत रहा है। पार्टियों के चुनावी कार्यालयों में रौनक ज्यादा नजर नहीं आती और उनके स्थायी कार्यालयों में दिन भर ज्यादा सरगर्मियां नहीं रहती।

फैक्ट फाइल -
-07 दिसम्बर को होगा मतदान
-11 दिसम्बर को होगी मतगणना
-02 लाख 24 हजार 360 मतदाता
-358 मतदान केंद्र स्थापित



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.