Breaking News
recent

'सोशल मीडिया पर फर्जी संदेशों से न हो भ्रमित'

पोकरण. जिला पुलिस अधीक्षक जगदीशचंद्र शर्मा ने कहा कि जिस तरह से दीपावली, होली, ईद आदि हमारे सामाजिक त्यौहार है, उसी तरह चुनाव भी एक लोकतंत्र का त्यौहार है तथा त्यौहार आपसी भाईचारे व सद्भाव के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्थानीय पुलिस थाने में आयोजित सामुदायिक संपर्क समूह सीएलजी की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती व अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को मतदान करना चाहिए तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। पुलिस अधीक्षक शर्मा ने लोगों से सोशल मीडिया पर चलने वाले गलत, फर्जी संदेशों की पहचान करने, फेक न्यूज से दूर रहने, ऐसे गलत संदेशोंं को बिना किसी जांच के आगे साझा व वायरल नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे गलत संदेश न केवल हमारे भाईचारे को खत्म करते है, बल्कि राष्ट्र व समाज की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन जाते है। उन्होंने आइटी एक्ट की विभिन्न धाराओं का हवाला देते हुए बताया कि ऐसे गलत संदेश बनाने व उन्हें आगे साझा करने पर आइटी एक्ट की धाराओं में दोषी पाए जाने पर अधिकतम सात वर्ष की सजा भी हो सकती है। उन्होंने सभी से ऐसे गलत संदेशों से सावधान रहने की बात कही। थानाधिकारी सुखराम विश्रोई ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
दिए सुझाव
बैठक में शिक्षाविद् कन्हैयालाल छंगाणी ने चुनाव को देखते हुए कस्बे के सबसे भीड़ भाड़ भरे क्षेत्र गांधी चौक में गश्त बढ़ानेे, प्रकाश माली ने भवानीप्रोल में रात्रि के समय शराब पीकर घूमने व लोगों को परेशान करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने, अशोक व्यास ने मोहल्लों में घूमकर सामान बेचने के लिए बाहर से आने वाले लोगों, झोंपड़ पट्टियों में निवास कर रहे मजदूरों की पहचान करने व अवांछित गतिविधियों में पाए जाने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने, ज्योतिष पुरोहित ने मोहल्लों में तेज गति के साथ बाइक चलाने वाले युवकों के विरुद्ध कार्रवाई करने, पार्षद विजय व्यास ने सोशल मीडिया पर झूठी टिप्पणियां करने वालों के विरुद्ध संज्ञान लेकर कार्रवाई करने आदि की मांग की। इस मौके पर सीआईडी एसबी के उपनिरीक्षक बालकिशन विश्रोई,, नगरपालिका अध्यक्ष आनंदीलाल गुचिया, पार्षद लालसिंह, लालाराम, फरसूराज, गणपतराम गर्ग, अब्दुल गफार, शिक्षाविद् जगदीश टावरी, खुमाणसिंह कर्णोत, खेताराम लीलड़, चतुर्भुज पालीवाल, हरिवंश व्यास, हंसराज माली, सुरेश नागौरा, कल्याणसिंह भाटी, अशोक दैया सहित बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य व कस्बेवासी उपस्थित थे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.