उदयपुरवाटी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि शेखावाटी में कांग्रेस पार्टी का परचम लहराएगा। शेखावाटी में कांग्रेस एक-आध सीटों को छोड़कर सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा पचास से ज्यादा सीट जीत नहीं पाएगी। क्षेत्र के चौफूल्या स्टैंड पर चुनावी सभा को संबोधित करते पायलट ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद प्रतिदिन 12 महिलाओं के साथ दुष्कर्म हो रहे हैं। इस सरकार में प्रदेश की महिलाओं के मान सम्मान तो दूर की बात है, सरकार महिलाओं की सुरक्षा तक नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने पर प्रदेश जो लड़की जन्म लेगी उसकी पूरी शिक्षा का खर्चा सरकार द्वारा उठाया जाएगा।
पायलट ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री कहती है कि वह जनता के दिलों में रहकर राज करने वाली महारानी हैं। पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों के दिलों में राज करती तो उनकी अपनी गौरवयात्रा स्थगित करके हैलीकॉप्टर से जाना नहीं पड़ता। लोगों ने सड़कों पर कहा कि हम अब उनको स्वीकार नहीं करेंगे। उनकी रैलियों में कोई काले मौजे, काली बनियान नहीं पहन सकता है। क्योकि उनको डर रहता है कि काला कपड़ा दिखाकर लोग उनका विरोध कर देंगे। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं से 15 लाख नौकरी का वाद करके सत्ता में आई मुख्यमंत्री के पास युवा नौकरी की बात लेकर जाते है तो युवाओं को लाठियां बरसाई जाती हैं और उनको लफंगा कहा जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में प्रदेश की सरकार ने किसानों व बेरोजगार युवाओं को आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कानून की स्थिती पूरी तरह बिगड़ती जा रही है।
सचिन की सभा का कारण
उदयपुरवाटी, नवलगढ़ व खैतड़ी में गुर्जर मतदाता काफी हैं। इन क्षेत्र के गुर्जर मतदाताओं को कांग्रेस की पक्ष में लुभाने के लिए सचिन पायलेट की मिटिंग करवाई गई। मंच के माध्यम से पायलेट ने कांग्रेस के प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान भी किया।
8 मिनिट बोले सचिन
चुनावी सभा में करीब आठ मिनिट के अपने भाषण के दौरान सचिन स्थानीय मुद्धों पर नहीं बोले। उनका भाषण प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर ही केंद्रीत रहा।
भगवान की जाति नहीं होती है
पायलट ने अपने भाषण में कहा कि भगवान की जाति नहीं होती है। भाजपा के लोग बेतुके बयान देकर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचना चाहते है। उन्होंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते कहा कि इन्होने तो बजरंग बली को ही दलित करार दे दिया, जबकि भगवान की कोई जाति नहीं होती है।
हमारी सरकार आई तो देंगे रोजगार
पायलट ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई तो युवाओं को रोजगार दिया जायेगा। महिलाओ की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। किसानों का कर्जा माफी किया जायेगा।
यह रहे मौजूद
कांग्रेस की चुनावी सभा में विधायक ब्रजेंद्र ओला, जिलाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह, जिला प्रमुख सुमन रायला, पूर्व जिला प्रमुख राजबाला, पीसीसी सदस्य रविंद्र कुमार भडाना, पूर्व प्रधान विद्याधर औलखा, एनएसयूआइ नेता दिनेश ओलखा, भीम सेना के प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र राठी आदि मौजूद रहे।





No comments:
Post a Comment