धौलपुर को चार महीने से यूरिया का इंतजार
-सैकड़ों किसान रोज लगा रहे क्रय-विक्रय सहकारी समिति के चक्कर
धौलपुर. जिला मुख्यालय की क्रय-विक्रय सहकारी समिति पर गत सितम्बर माह के बाद यूरिया का वितरण नहीं हुआ है। ऐसे में यहां सैकड़ों किसान समिति पहुंच कर यूरिया वितरण के बारे में जानकारी जुटा रहे है, लेकिन उन्हें बैरंग ही लौटना पड़ रहा है। मजे की बात यह है कि किसानों को यूरिया कब मिलेगा इस बात की जानकारी भी समिति संचालकों के पास नहीं है। व्यवस्था को लेकर किसानों में रोष है। वहीं, जिले के बाड़ी, बसेड़ी, सरमथुरा में भी जिला मुख्यालय जैसा हाल है, किसानों को यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
जिला मुख्यालय क्रय विक्रय सहकारी समिति के कैशियर मुन्नालाल त्यागी ने बताया कि समिति की ओर से यूरिया का वितरण किया जाता है। गत सितम्बर माह में रेक लगी थी, इस दौरान यूरिया का वितरण किया गया। समिति की ओर से करीब 600 से 700 एमटी टन में यूरिया का वितरण किया जाता है, लेकिन अभी तक रेक नहीं लगने के कारण यूरिया उपलब्ध नहीं है, ऐसे में यहां प्रतिदिन सैकड़ों किसान यूरिया की जानकारी करने के लिए आ रहे है, जिन्हें बैरंग ही लौटना पड़ रहा है। त्यागी ने बताया कि 26 दिसम्बर तक रेक लगने की संभावना है, इसके बाद किसानों को यूरिया का वितरण किया जाएंगा। समिति पर गांव शेखपुर से आए अवतार सिंह ने बताया कि वे यूरिया लेने के लिए समिति आए थे, यहां यूरिया उपलब्ध नहीं हो सका है।
बसेड़ी में खाद की किल्लत, गोदामों पर लटका ताला
बसेड़ी क्षेत्र में किसानों के लिए रवी की फ सल को लेकर यूरिया खाद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में किसान मंहगे दामों में खाद खरीदने को मजबूर है।
कस्बे में स्थित क्रय विक्रय सहकारी समिति प्राइवेट लिमिटेड के अधीन 18 ग्राम सेवा सहकारी समिति भी क्षेत्र में कार्य कर रही है। इन सब के गोदाम यूरिया खाद नहीं होने की वजह से खाली पड़े हुए हैं। क्षेत्र का किसान यूरिया खाद की कमी के चलते इन संस्थाओं के चक्कर लगाते फिर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर किसानों को महंगी दर पर खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। सरकारी रेट 267 रुपए प्रति कट्टा होने के बावजूद किसानों को बाजार में इसके 400 रुपए देने पड़ रहे है। ऐसे में सीमावर्ती राज्य उत्तर प्रदेश में भी जाकर खाद की पूर्ति के लिए महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। जिसको लेकर किसानों में भारी आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। ग्राम सेवा सहकारी समिति बसेड़ी व्यवस्थापक ईश्वरी प्रसाद शर्मा ने बताया कि 15 दिन से गोदाम पूरी तरह खाली पड़े हुए हैं।





No comments:
Post a Comment