गंगापुरसिटी . विदा ले रहे साल के अंतिम माह में अधिकारी-कर्मचारी वर्ष की शेष रहीं सीएल को खपाने में लगे हैं। इससे ज्यादातर कार्यालयों में सूनापन पसरा नजर आ रहा है। सरकारी कार्यालयों में चुनाव से पहले बिगड़ा काम का ढर्रा अभी तक पटरी पर नहीं लौट सका है।
विधानसभा चुनाव के परिणाम जारी होने और नई सरकार के गठन के बाद ज्यादातर अधिकारी-कर्मचारियों ने साल के शेष रहे अवकाशों को लेने का मन बना लिया। कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी दिसम्बर माह के अंतिम सप्ताह में अवकाश पर चले गए हैं। ऐसे में इन दिनों कार्यालयों में गिने-चुने अधिकारी-कर्मचारी ही काम करते नजर आ रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि दिसम्बर माह के बाद सीएल अवकाश समाप्त हो जाएंगी।
ऐसे में इनका उपयोग करने के लिए कर्मचारी छुट्टी पर चले गए हैं। कर्मचारियों के साथ अधिकारी भी साल के अंत में इनका उपयोग करने से नहीं चूक रहे। ऐसे में काम लेकर पहुंच रहे लोगों के काम भी समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। जानकारों का कहना है कि ३१ दिसम्बर तक यही आलम बना रहेगा। कई अधिकारी-कर्मचारी नया साल मनाकर ही काम पर लौटेंगे। इसके बाद ही सरकारी कार्यालयों में कामकाज पटरी पर लौटेगा।
कमोबेश सब जगह एक की स्थिति
कार्यालयों में सूनापन कोई एक जगह की बात नहीं है। कमोबेश हर सरकारी कार्यालय में हालात एक जैसे ही नजर आ रहे हैं। कुछेक कर्मचारियों ने शुक्रवार तक कार्यालय में काम किया। इसके बाद शनिवार एवं रविवार को फिर छुट्टी पड़ गई। ऐसे में काम का ढर्रा अब नए साल के जश्न के बाद ही लौट सकेगा।





No comments:
Post a Comment