नई दिल्ली। देश की राजनीति में साल 2018 यादगार वर्ष साबित हुआ। आगामी लोकसभा 2019 के चुनाव के लिहाज से 2018 को काफी अहम माना जा रहा था। विधानसभा चुनाव से लेकर अन्य चुनावों तक राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी ताकत को टटोला। कहीं जीत मिली तो कहीं हार...लेकिन सबसे बड़ी चीज रही इन चुनावों के बीच नेताओं के बिगड़े और विवादित बयान, जिन्होंने जमकर सुर्खियां बंटोरी। चुनाव प्रचार से लेकर आलाकमान को खुश करने तक इन विवादों ने सिसासी हवन में घी का काम किया। आइए डालते हैं कुछ ऐसे ही विवादों पर नजर जो चर्चा में रहे...
हनुमान दलित, जाट, मुस्लिम और चीनी
1. देश की राजनीति में पक्ष-विपक्ष के बीच तो आपने कई बार वाद -विवाद होते सुना होगा, लेकिन वर्ष 2018 में राजनेताओं ने अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए भगवान को भी नहीं छोड़ा। विवादित बयानों की दौड़ में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सबको पीछे छोड़ दिया। योगी आदित्यनाथ ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजस्थान के अलवर में एक रैली के दौरान हनुमान जी को दलित बताया डाला। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हनुमान जी दलित और वंचित हैं।
योगी के बाद तो मानों नेताओं को लाइसेंस मिल गया और हनुमान जी पर बयानों की झड़ी लग गई। मोदी सरकार में मंत्री सत्यपाल मलिक ने हनुमान को आर्य बताया, तो भापाज के ही नेता ने जाट और मुस्लिम तक कह डाला। भाजपा के पूर्व नेता कीर्ति आजाद ने तो हनुमान को देश से ही बाहर कर दिया। उनके मुताबिक हनुमान चीन के थे।
मोदी की तुलना 'बिच्छू' से
2. कांग्रेस नेता शशि थरूर अपनी नई किताब 'द पैराडॉक्सिकल प्राइम मिनिस्टर' के बारे में बात करते हुए इशारों इशारों में पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एक बार आरएसएस के एक अज्ञात व्यक्ति ने पीएम मोदी को एक नई उपमा देते हुए कहा था कि "मोदी शिवलिंग पर बैठे बिच्छू की तरह है, जिसे आप ना तो अपने हाथों से और ना ही चप्पल मारकर हटा सकते है।" थरूर के इस बयान की वजह से जमकर विवाद हुआ।
राहुल गांधी को बताया 'नाली का कीड़ा'
3. बिहार के स्वास्थ्य राज्य मंत्री और बक्सर से सांसद अश्विनी कुमार चौबे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर एक विवादित बयान दिया। चौबे ने सासाराम में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी की तारीफ करते-करते राहुल गांधी को 'नाली का कीड़ा' बता दिया। चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आकाश की तरह हैं और राहुल गांधी 'नाली का कीड़ा'। अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि 'प्रधानमंत्री गगन के जैसा और जो आज का कांग्रेस का अध्यक्ष है, उनका आकार कैसा, नाली के कीड़े जैसा।'
अन्नदाता का किया अपमान
4. केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने पिछले दिनों देश में चल रहे किसान आंदोलन पर विवादित बयान दिया था. उन्होंने देश के कई राज्यों में चल रहे किसानों के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देखिए मीडिया में आने के लिए कुछ अनोखा काम करना ही पड़ता है।
महिला सीएम पर व्यक्तिगत टिप्पणी
5. बिहार के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने राजस्थान विधानसभा चुनाव-प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर एक विवादित टिप्पणी कर डाली। अलवर में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन शरद यादव ने वसुंधरा राजे को 'मोटी' बताया और कहा था कि उन्हें आराम देने की जरूरत है। शरद यादव के इस बयान पर जमकर प्रतिक्रियाएं भी आईं और उनकी आलोचना भी हुई। राजे ने पलटवार किया और कहा था कि, 'मैं अपमानित महसूस कर रही, ये सभी महिलाओं का अपमान है।
राहुल को बताया 'निपाह वायरस'
6. चुनाव प्रचार में लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए कई बार नेता मर्यादा लांघ जाते है। कुछ ऐसा ही किया हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री औऱ भाजपा नेता अनिल विज ने। उन्होंने एक बयान में राहुल गांधी की तुलना निपाह वायरस से कर डाली। विज ने कहा कि राहुल गांधी निपाह वायरस की तरह हैं और वे जिस भी पार्टी के संपर्क में आएंगे वह खत्म हो जाएगी।
'डायना हेडन' का ताज फिक्स
7. नेता विरोधियों पर तो जमकर निशाने साधते ही हैं लेकिन त्रिपुरा के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बिप्लव देव अपने बेतुके बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहे हैं। इस वर्ष भी उनका सबसे चर्चित बयान मिस वर्ल्ड रहीं डायना हेडन को लेकर रहा। बिप्लब देब ने कहा कि मिस वर्ल्ड डायना हेडन इंडियन ब्यूटी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि डायना हेडन की जीत फिक्स थी। डायना हेडन भारतीय महिलाओं की सुंदरता की नुमाइंदगी नहीं करतीं। ऐश्वर्या राय करती हैं। उन्होंने कहा कि कॉस्मेटिक माफिया की नज़र भारत पर है। बिप्लब के इस बयान की जमकर आलोचना हुई।
जया बच्चन पर की भद्दी टिप्पणी
8. समाजवादी पार्टी को कद्दावर नेता नरेश अग्रवाल जिन्होंने पिछले दिनों पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा, उन्होंने भी अपने बयान से सबको हैरत में डाल दिया। नरेश अग्रवाल ने जया बच्चन को लेकर एक विवादित बयान दिया। नरेश अग्रवाल ने भाजपा में शामिल होने के बाद जया बच्चन को ' फिल्मों में नाचने वाली' बताकर सबको चौंका दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सिर्फ फिल्मों में नाचने वाली की वजह से उनका राज्यसभा टिकट काटा है।
मोदी की मां की तुलना रुपए में गिरावट से
9. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता राज बब्बर ने भी एक विवादित बयान दिया था। अभिनेता से नेता बने राज बब्बर ने डॉलर के मुकाबले रुपये के मूल्य में गिरावट की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वयोवृद्ध माता की उम्र से तुलना कर दी थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के नेता विलासराव मुत्तेमवार ने पीएम मोदी को लेकर एक विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया राहुल की पीढ़ियों के बारे में जानती है, लेकिन कोई भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के बारे में नहीं जानता।
नन पर आपत्तिजनक बयान
10. जालंधर के बिशप फ्रैंको मुलक्कल के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाने वाली नन को लेकर एक विधायक ने विवादित और शर्मनाक बयान दिया है। विधायक ने पीड़िता नन को वेश्या तक कह डाला। पीसी जॉर्ज ने कहा 'इसमें किसी को कोई शक नहीं कि नन वेश्या है। 12 बार उसने मजे लिए और 13वीं बार यह बलात्कार हो गया? जब उससे पहली बार रेप हुआ तो उसने पहली बार ही शिकायत क्यों नहीं की?' इस पर काफी बवाल मचा।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.





No comments:
Post a Comment