जयपुर. इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण की नीलामी का मंच सज चुका है। जयपुर के एक पांच सितारा होटल में दोपहर 2.30 बजे से टीम फ्रेंचाइजियों के बीच खिलाड़ियों को खरीदने के लिए होड़ मचेगी। इस नीलामी में देशी और विदेशी कुल 350 खिलाड़ी उतर रहे हैं, जिनमें से 228 भारतीय क्रिकेटर हैं। इनमें भी 119 कैप्ड यानि अपने देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी हैं, जबकि 229 खिलाड़ी घरेलू क्रिकेटर हैं। इस बार नीलामी के टॉप मार्की प्लेयर्स पर नजर डालें तो शीर्ष 10 में एक भी भारतीय खिलाड़ी शामिल नहीं है।
10 खिलाड़ियों का बेस प्राइज है 2 करोड़ रुपए
आईपीएल 2019 की नीलामी के लिए 10 खिलाड़ियों का बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए रखा गया है, लेकिन इनमें एक भी भारतीय खिलाड़ी शामिल नहीं है। बल्लेबाजों में 4 खिलाड़ियों का बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए है इनमें न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम, दक्षिण अफ्रीका के कॉलिन इंग्राम, आॅस्ट्रेलिया के शॉन मॉर्श और इंग्लैंड के इयोन मोर्गन शामिल हैं, वहीं गेंदबाजों में सिर्फ श्रीलंका के लसित मलिंगा का बेस प्राइज ही 2 करोड़ रुपए रखा गया है। आॅलराउंडर्स की बात करें तो 5 खिलाड़ी 2 करोड़ रुपए का बेस प्राइज पाने में सफल रहे हैं, इनमें इंग्लैंड के क्रिस वॉक्स, न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन, इंग्लैंड के सैम करेन, श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज और आॅस्ट्रेलिया के डी आर्सी शॉट शामिल हैं।
इस भारतीय बल्लेबाज को मिला सबसे ज्यादा बेस प्राइज
बात अगर भारतीय खिलाड़ियों की करें तो बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा बेस प्राइज चेतेश्वर पुजारा को मिला है। पुजारा का बेस प्राइज 50 लाख रुपए है, उन्हें पिछली आईपीएल नीलामी में किसी टीम ने नहीं खरीदा था। गेंदबाजों में सबसे ज्यादा बेस प्राइज 1 करोड़ 50 लाख रुपए जयदेव उनादकट का है, जबकि आॅस्ट्रेलिया में जारी टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का 1 करोड़ रुपए बेस प्राइज रखा गया है। विकेटकीपर्स में रिद्धिमान साहा को 1 करोड़ रुपए का बेस प्राइज दिया गया है। वैसे इस कैटेगरी में इंग्लैंड के जॉनी बेयरेस्टो और आॅस्ट्रेलिया के एलेक्स केरी का बेस प्राइज 1 करोड़ 50 लाख रुपए रखा गया है।
आॅलराउंडर्स में अक्षर पटेल के साथ युवराज
आॅलराउंडर्स कैटेगरी में देखें तो अक्षर पटेल और युवराज सिंह का बेस प्राइज है 1 करोड़ रुपए रखा गया है जो भारतीयों में सबसे ज्यादा है।





No comments:
Post a Comment