अलवर में शांतिपूर्वक मतदान के बीच आखिरकार विवाद हो ही गया। अलवर के शाहजहांपुर में सुरक्षाकर्मियों की ओर से फायरिंग की गई, फायरिंग के दौरान 3 ग्रामीणों को छर्रे लग गए।
हुआ यूं कि अलवर के शाहजहांपुर के पलावा गांव में मशीन में तकनीकी खराबी के संदेह पर एक मतदाता सतीश चौधरी मतदान के दौरान वीवीपैट मशीन की वीडियो बनाने लगा, ऐसा करते उसे आइटीबीपी के जवान ने देख लिया और पीठासीन अधिकारी को शिकायत कर दी। इसके बाद उस युवक का मोबाइल छीन लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर आए ग्रामीणों ने मतदान केन्द्र पर हंगामा करते हुए सुरक्षाकर्मी व पीठासीन अधिकारी के साथ मारपीट शुरु कर दी।
इसी बीच एक सुरक्षाकर्मी ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान तीन ग्रामीणों को छर्रे लग गए। वहीं धक्का-मुक्की के दौरान एक महिला के पेट में चोट आ गई। पेट में बंदूक की बट लगने से वह घायल हो गई। मतदान केन्द्र पर फायरिंग होने के बाद भगदड़ मच गई और पोलिंग रोक दी गई। तीन घायलों में से दो जनों के पैरों व एक के नाक पर छर्रे जग गए।
ये हुए घायल
पैर पर छर्रे लगने से रामू चौधरी पुत्र जयपाल, कर्मवीर चौधरी पुत्र हुकुम सिंह घायल हो गए। वहीं सुंदर पुत्र हजारी लाल के नाक में छर्रे लग गए। इसके साथ ही संजू देवी पत्नी सतीश चौधरी पेट में बंदूक लगने से घायल हो गई। घायलों को ग्रामीणों की सहायता से शाहजहांपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना के बाद पोलिंग बूथ पर भारी संख्या में पुलिस जाब्ते को तैनात किया गया। जाब्ते के साथ पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप सिंह द्वारा ग्रामीणों से समझाइश की गई। करीब एक घंटे के बाद मतदान को फिर से शुरु कराया गया।





No comments:
Post a Comment