Breaking News
recent

Premier Badminton League : नौ टीमों के साथ शनिवार से नए रंग बिखरेगी लीग

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे महंगी बैडमिंटन लीग वोडाफोन प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) का चौथा सीजन शनिवार से शुरू हो रहा है। यहां कैरोलिना मारिन, पी.वी. सिंधु और सायना नेहवाल जैसी दिग्गज खिलाड़ियों की टीमें छह करोड़ की ईनामी राशि और ट्रॉफी के लिए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देती नजर आएंगी। बीते सीजन की विजेता हैदराबाद हंटर्स की कमान इस बार सिंधु के हाथों में है। एक तरह से सिंधु की यह घर वापसी है। सिंधु बीते सीजन चेन्नई स्मैशर्स से खेली थीं। इस बार उन पर हैदराबाद के विजयी अभियान को जारी रखने की जिम्मेदारी है।

सिंधु ने एक बयान में कहा, "अपनी घरेलू टीम के लिए खेलना खास है। हम मौजूदा विजेता हैं और मैं जानती हूं कि मेरी जिम्मेदारी जीत के सिलसिले को कायम रखना है।" सिंधु को पहले मैच में ही नई टीम पुणे 7 एसे स का सामना करना है। इस टीम की कमान बीते सीजन हैदराबाद को जीत दिलाने वाली रियो ओलम्पिक की स्वर्ण पदक विजेता कैरोलिना मारिन पर हैं। पहले मैच में यह दोनों दिग्गज आमने-सामने होंगी। मारिन ने एक बयान में कहा, "मुझे भारत आना और पीबीएल में खेलना बेहद पसंद है। दो साल हैदराबाद के साथ खेलना मेरे लिए काफी अच्छा रहा है और अब मैं पुणे के साथ खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं। जहां तक सिंधु के साथ मुकाबले की बात है तो हम दोनों हर मैच जीतना चाहते हैं। मेरा काम अपनी काबिलियत के मुताबिक सर्वश्रेष्ठ खेलना है और मैं निश्चित तौर पर उन्हें कोई मौका नहीं दूंगी।"

सिंधु ने हाल ही में वल्र्ड टूर फाइनल्स का खिताब अपने नाम किया है। वह शानदार फॉर्म में हैं और इसी वजह से पहला मैच रोमांचक होने की पूरी संभावना है। पुणे के आने से इस सीजन में कुल नौ टीमें हो गई हैं। लीग में 17 देशों के कुल 90 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें से आठ खिलाड़ी विश्व रैंकिंग में शीर्ष-8 में शामिल हैं तो आठ खिलाड़ी ओलम्पिक पदक विजेता हैं। 23 दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट को भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के बैनकर तले स्पोटर्सलाइव आयोजित करा रहा है। लीग का चौथा सीजन पांच जगहों पर खेला जाएगा। अहमदाबाद और पुणे पहली बार लीग के मैचों की मेजबानी करेंगे।

चौथे सीजन की शुरूआत से पहले, भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के अध्यक्ष हिमांता विस्बा सरमा ने कहा, "पीबीएल हर सीजन के साथ और बड़ा होता जा रहा है और प्रशंसकों के बीच इसकी बढ़ती मौजूदगी इस बात का सबूत है। ज्यादा से ज्यादा प्रतिभा निकालने के उद्देश्य से शुरू किए गया पीबीएल युवा खिलाड़ियों को प्लेटफॉर्म देने और उन्हें अपने आप को बड़े मंच के लिए तैयार करने में काफी मददगार साबित हुआ है। लीग में युवाओं को विश्व बैडमिंटन के बड़े नामों के साथ कोर्ट पर खेलने का मौका मिलता है जो इन युवा खिलाड़ियों के लिए सीखने के तौर पर काफी मददगार साबित हुआ है।"

सिंधु और मारिन के अलावा भारत को लंदन ओलम्पिक में कांस्य पदक दिलाने वाली सायना नेहवाल पर जिम्मेदारी काफी ज्यादा होगी क्योंकि वह इस सीजन नार्थईस्टर्न वॉरियर्स टीम की तरफ से लीग में उतर रही हैं। सायना हालांकि अपनी जिम्मेदारी निभाने और टीम के युवा खिलाड़ियों की मदद करने को पूरी तरह से तैयार हैं। लीग का पहला राउंड मुंबई में खेला जाएगा। इसके बाद लीग हैदराबाद, पुणे, अहमदाबाद पहुंचेगी। सेमीफाइनल और फाइनल बेंगलुरू में खेले जाएंगे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.