माउंट आबू . पर्यटन स्थल माउंट आबू में शनिवार से शरद महोत्सव का आगाज होगा। इसको लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पर्यटन सहायक निदेशक भैरोसिंह चौहान ने बताया कि जिला कलक्टर व उपखंड अधिकारी की ओर से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर महोत्सव का आगाज किया जाएगा। शोभायात्रा में राजस्थानी कला संस्कृति का नजारा बैंड बाजों के साथ प्रदर्शित किया जाएगा। शोभायात्रा पेट्रोल पंप से रवाना होकर शहर के विभिन्न स्थानों से होते हुए नक्की झील प्रवेशद्वार पर सम्पन्न होगी। इसी दिन मेहंदी मांडणा, फुटबॉल मैच, म्यूजिकल चेयर, बेस्ट ऑफ राजस्थान के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं दूसरे दिन 30 दिसम्बर को राजस्थानी कलाकारों की ओर से शहर के विभिन्न चौराहों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मटका दौड़, मटका फोड़ प्रतियोगिता पोलोग्राउंड में होगी। डॉग शो, फोटो प्रदर्शनी, बोटरेस, रस्सा-कस्सी, बैंड वादन, साफा प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसी तरह 31 को वालीबॉल मैच, फोटो प्रदर्शनी, बैंड प्रस्तुति व पोलोग्राउंड में आतिशबाजी, नगरपालिका की ओर से सांस्कृतिक संध्या आदि कार्यक्रम होंगे।





No comments:
Post a Comment