चूरू. केन्द्र सरकार की सामान्य वर्ग के गरीबों को सरकारी नौकरी एवं शिक्षा में दस प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा को लेकर लोगों ने इसे अच्छा कदम बताया है। लोगों ने कहा कि ये मांग लंबे समय से चली आ रही थी। जो आज पूरा होने के कगार पर है।
इस संबंध में जब पत्रिका ने लोगों से बात की तो उन्होंने बताया कि इसको राजनीति से जोड़कर नहीं देखना चाहिए और न ही इसके लिए राजनीति की जानी चाहिए। यह किसी के विरुद्ध नहीं है। सभी सम्प्रदाय के लोगों के लिए फायदे की बात है। लेकिन इसे संसद के सदन पर पास कराना एवं कानून में संशोधन करना होगा। इसके बाद विपक्षी दलों का भी साथ लेना होगा। इस संबंध में निजी कार्य करने वाले मुबारक अली ने बताया कि इसमें अगर सभी का हित होता है तो अच्छी बात है लेकिन चुनावी राजनीति नहीं होनी चाहिए।
सवर्ण समाज को आरक्षण देने की घोषणा का स्वागत
सादुलपुर. केन्द्र सरकार की और से सवर्णों को दस प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा का सोमवार देर शाम को मुख्य बाजार में सवर्ण समाज के युवकों ने स्वागत किया। इस पर आतिशबाजी की और मिठाई वितरित की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। दुर्गेश जोशी ने सवर्ण समाज की वर्षो पुरानी मांग एंव संघर्ष की जीत बताया। विप्र फाउण्डेशन के जिला अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश रामपुरा ने कहा कि आरक्षण लागू होने से सवर्ण समाज के जरूरत मंद विद्यार्थियों को नौकरी मिलने से जीवन आसान होगा। कार्यक्रम में योगेन्द्र राठी, विमल शर्मा, पुरूषोतम चिडावेवाला, प्रदीप अत्री, अजय पंडित, पवन लुहारीवाला, नरेश ठेकेदार, नीरज शर्मा, अनुज शर्मा, जितेन्द्र दाधीच, मनोज रामबास, रंग लाल शर्मा, राहुल सिंदोलिया, हरिकिशन शर्मा, मंयक, पंकज, पवन सरावगी, अजय शास्त्री, राजकुमार कंदौई ने खुशी जाहिर की।
इनका कहना है
कांग्रेस ने पहले ही सवर्णों को आरक्षण देने की पैरवी की थी। केन्द्र सरकार ने लोकसभा चुनाव में लोगों को दिग्भ्रमित करने के लिए ये घोषणा की है। ताकि ये लोकसभा चुनाव में लाभ ले सके।
भंवरलाल पुजारी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
यह केन्द्र सरकार की महत्ती घोषणा है। प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास के नारे के अनुरूप है। इसमें सामान्य वर्ग को लाभ मिलेगा।
डा.वासुदेव चावला, भाजपा जिलाध्यक्ष, चूरू
यह घोषणा अच्छी है। इस पर अमल करना चाहिए। विधि अनुसार इसमें संशोधन करना होगा। इसके लिए सभी दलों को साथ लेकर चलना होगा।
महेश प्रताप सिंह राठौड़, बार अध्यक्ष चूरू
यह सरकार का अच्छा कदम है। इससे आरक्षण को लेकर सामाजिक भेदभाव दूर होगा। देश में भाईचारे की भावना बढ़ेगी। किसी भी धर्म के सामान्य वर्ग को इससे लाभ होगा।
विक्रम सिंह, निजी कर्मी
अगर सरकार वास्तव में जरूरतमंद को आरक्षण देगी तो कोई ऐतराज नहीं है। सक्षम लोगों को आरक्षण नहीं मिलना चाहिए। इसका इस्तेमाल चुनावों के लिए न हो। इस घोषणा पर सरकार को शीघ्र अमल भी करना चाहिए ताकि देश के जरूरतमंद सवर्णों
को इसका पूरा लाभ मिल सके। सरकार को इसकी मॉनिटरिंग भी लगातार करनी होगी।
दीपक स्वामी, विधि छात्र





No comments:
Post a Comment