देवगढ़. नगर में भीलवाड़ा रोड पर स्थित बेशकीमती भूमि के आगे स्थित प्लॉट को स्ट्रीट ऑफ लैंड के नियमों के विरुद्ध जाकर एक नहीं, बल्कि दो-दो बार खांचा भूमि के तहत स्वीकृती दिए जाने का मामला सामने आया है। यही नहीं इसको लेकर शिकायतों के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होना संबंधित अधिकारियों को शक के दायरे में लाता है।
नियमानुसार एक पट्टा धारी को एक ही बार खांचा भूमि आवंटन की जा सकती है बशर्ते कि वह भूमि पालिका एवं जन उपयोग के लिए काम की न हो। लेकिन, नगर पालिका के इन नियमों व शर्तों के विपरीत जाकर मुख्य मार्ग पर खांचा भूमि की पत्रावली स्वीकृत कर दी गई। कई सालों से पालिका में शिकायत होने के बावजूद राजनेताओं से रसूखात के चलते अब तक पालिका द्वारा इस आवंटन को निरस्त नहीं किया, जिससे वहां पक्का निर्माण भी हो चुका है। ऐसे में एक तरफ जहां पालिका ने कई छोटे-बड़े अवैध निर्माण नेस्तानाबूद कर वाह-वाही तो लूट ली, लेकिन बेशकीमती जमीन के इस मामले में की गई शिकायतों के कागज दबा दिए गए।
यह आवासीय भूखण्ड भीलवाड़ा रोड पर स्थित श्रीनाथ आइस फेक्ट्री के समीप है, जो सडक़ से सटा हुआ है। वर्ष 2008 में तत्कालीन मालिक संतोष देवी पत्नी भंवरलाल जोशी ने अपने भूखण्ड के आगे स्थित इस भूमि को जून 2008 में पालिका से खांचा भूमि के तहत तत्कालीन चेयरमैन से अपने नाम आवंटन करवा लिया। इसकी पश्चिम दिशा में महिला सार्वजनिक शौचालय बना हुआ था, जिसे गिराकर भी भूमि मालिक ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया। बाद में इस भूखण्ड को 31 अक्टूबर 2008 में संतोष देवी ने उर्मिला देवी पत्नी कैलाश चंद्र मेहता को रजिस्टर्ड बेचान कर दिया। इसके बाद उर्मिला देवी ने भी उक्त खांचा भूमि की पत्रावली पालिका में प्रस्तुत की, जिस पर पालिका द्वारा 18 दिसम्बर 2009 को पुन: उर्मिला देवी के नाम आवंटित कर दिया। इस बार खांचा पट्टे के पश्चिम दिशा में दर्शाया गया।
नहीं बने शौचालय
दो खांचा पत्रावलियों में से प्रथम खांचा भूमि पत्रावली में महिला सार्वजनिक शौचालय की भूमि को तत्कालीन चेयरमैन एवं पालिका प्रशासन ने उर्मिला देवी को उनके द्वारा 10 अत्याधुनिक शौचालय बनाने एवं उस जगह पर बगीची बनाने की शर्त पर पट्टा दे दिया गया। परन्तु, न तो आज तक शौचालय बने और न ही बगीचा बना। इसके विपरीत उस स्थान पर वाणिज्यिक निर्माण कर उसका उपयोग किया जा रहा है।
पालिका में लम्बित पत्रावली
उर्मिला देवी ने इस अवैध निर्माण को स्वीकृत कराने के लिए पत्रावली पालिका में पेश कर रखी है, जो लम्बे समय से अब तक में लम्बित पड़ी है।
पुराना है मामला, करेंगे जांच
यह मामला पुराना है। मामले की जांच कर अतिशीघ्र कार्यवाही की जाएगी।
प्रतापसिंह भाटी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका, देवगढ़





No comments:
Post a Comment