नई दिल्ली : मई में इंग्लैंड में एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप प्रस्तावित है। इसके पहले भारत को अभी आस्ट्रेलिया में एक टेस्ट मैच के अलावा वनडे सीरीज भी खेलनी है। इसके बाद न्यूजीलैंड दौरे में भी एकदिवसीय सीरीज तथा टी-20 सीरीज भी खेलनी है। इसके बाद आइपीएल तो है ही। यानी विश्वकप से पहले भारतीय टीम को काफी क्रिकेट खेलनी है। इस वजह से टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली अपने तेज गेंदबाजों की फिटनेस को लेकर डरे हुए हैं और वह चाहते हैं कि उन्हें पर्याप्त आराम मिले, खासकर जसप्रीत बुमराह को लेकर। इसकी वजह यह है कि बुमराह का एक्शन गैर परंपरागत है और उन्हें चोट लगने की संभावना बनी रहती है। दूसरे विश्वकप में बुमराह भारत के प्रमुख हथियार होंगे। इस वजह से टीम इंडिया आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे के एकदिवसीय तथा टी-20 मैचों में बुमराह को आराम देने की सोच रही है।
शमी के बाद बुमराह ने इस साल डाले हैं सबसे ज्यादा ओवर
बता दें कि जसप्रीत बुमराह ने इस साल नौ टेस्ट मैच खेले हैं और इसमें कुल 379.4 ओवर डाले हैं। तेज गेंदबाजों में उनसे अधिक सिर्फ मोहम्मद शमी ने 12 टेस्ट मैचों में 383.5 ओवर फेंके हैं। हालांकि इन दोनों से अधिक गेंदबाजी रविचंद्रन अश्विन ने की है। उन्होंने सर्वाधिक 386 ओवर डाले हैं। पहली बात तो यह कि वह स्पिनर हैं और विश्व कप की टीम की योजना में भी शामिल नहीं हैं। जिन खिलाड़ियों को लेकर विश्व कप की टीम तैयार की जाएगी, उनमें से एकाध छोड़कर सारे का चयन आस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड दौरे के 16 सदस्यीय वनडे टीम में चयन किया गया है। इनके अलावा तेज गेंदबाजों में सिर्फ उमेश यादव ऐसे हैं, जो किसी तेज गेंदबाज के अनफिट होने पर विश्व कप की टीम में अपनी दावेदारी ठोक सकते हैं।
टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं में भी सहमति
तेज गेंदबाजों को आराम देने के मुद्दे पर टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं में सहमति है। इसलिए यह उम्मीद है कि सिडनी में आस्ट्रेलियाई सीरीज का अंतिम टेस्ट मैच खेल कर बुमराह को आराम दे दिया जाए। इतना ही नहीं खबर यह भी है कि टीम प्रबंधन और चयनकर्ता भी बुमराह पर अतिरिक्त काम का बोझ बता कर मुंबई इंडियंस से बात करें कि उन्हें आइपीएल के पूरे सीजन में न खेलाएं। सिर्फ अहम मैचों में ही उनकी भागीदारी तय करें। इसकी जानकारी बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने नाम जाहिर न होने की शर्त पर कहा कि संभव है कि इस विषय पर खुद विराट कोहली मुंबई इंडियंस से बात करें। हालांकि रोहित शर्मा के हालिया बयान और मुंबई इंडियंस का मैनेजमेंट इसके लिए तैयार नहीं दिख रहा है।





No comments:
Post a Comment