अलवर. शहर के चूड़ी मार्केट के मंगलवार दोपहर 8 माह के बच्चे को उठाकर ले गई दोनों महिलाएं अगले दिन बुधवार सुबह अखबार में खुद का फोटो देखने के तुरंत बाद बच्चे को लेकर पुलिस चौकी पहुंच गई। इसके बाद पुलिस बच्चे और उसे उठाकर ले जाने वाली दोनों महिलाओं को शहर कोतवाली थाने ले आई। घटना के करीब 21 घंटे बाद पुलिस ने बच्चे को उसकी मां की गोद में सौंप दिया। पुलिस ने बच्चे को उठाने वाले दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र विश्नोई ने बताया कि मालाखेड़ा के चौमू हाल सूर्यनगर निवासी चंदा पत्नी राहुल जाटव अपने आठ माह के बच्चे विवेक को गोद में लेकर मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे चूड़ी मार्केट में खरीदारी करने आई। चंदा चूड़ी मार्केट में पटरी पर आर्टिफिशियल ज्वैलरी की दुकान लगाने वाली अपनी बहन कालीमोरी स्थित देवनगर निवासी बीना पत्नी रमेश के पास अपने बच्चे को छोडकऱ खरीदारी करने चली गई। उसकी बहन बीना की दुकान पर खरीदारी करने आई दो महिलाएं गोद में खिलाने के बहाने बच्चे को वहां से उठा ले गई। घटना की सूचना मिलने के बाद शाम को पुलिस चूड़ी मार्केट पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए सीसीटीवी फुटेज देखे। जिसमें बच्चा ले जाने वाली महिलाओं के फुटेज कैद हो गई। इसी के आधार पर पुलिस ने महिलाओं की तलाश शुरू कर दी। अगले दिन बुधवार सुबह जब दिल्ली के आजादपुर मण्डी प्रताप बाग हाल सदर थाना क्षेत्र के गांव डहरा शाहपुर निवासी बीना (27) पत्नी धर्मसिंह प्रजापत और रीना (32) पत्नी उम्मेद प्रजापत ने अखबार में बच्चे को उठा ले जाने की खबर पढ़ी और खुद का फोटो देखा तो वह घबरा गई। इसके बाद सदर थाना क्षेत्र स्थित विजय मंदिर पुलिस चौकी पहुंच गई। इस बारे में जब पुलिस अधिकारियों को पता चला तो वह सीधे विजय मंदिर पुलिस चौकी पहुंचे। बच्चे और दोनों महिलाओं को शहर कोतवाली थाने ले आई। करीब 21 घंटे बाद पुलिस ने सुबह 11 बजे बच्चे को उसकी मां चंदा की गोद में सौंप दिया। पुलिस ने बच्चे को उठाकर ले जाने वाली दोनों बहन बीना और रीना को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ने दिया इनाम
पुलिस टीम ने बच्चे को विजय मंदिर चौकी से दस्तयाब कर लिया। जिसमें सदर थाने के कांस्टेबल मुखराम की मुख्य भूमिका रही। इस पर जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह ने कांस्टेबल मुखराम को एक हजार रुपए के इनाम से सम्मानित किया।
ये पुलिस टीम की रही विशेष भूमिका
प्रशिक्षु आईपीएस ऋचा तोमर, सीओ सिटी डॉ. प्रियंका रघुवंशी, कोतवाल जितेन्द्र सिंह सोलंकी, शिवाजी पार्क थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार, एनईबी थानाधिकारी प्रेम बहादुर सिंह, अरावली विहार थानाधिकारी हरिसिंह, सदर थानाधिकारी रामनिवास मीणा, एसआई बनवारीलाल, कांस्टेबल मुखराम, होशियार सिंह, मूलचंद, कानाराम, कृष्ण कुमार, हरिओम व यादराम आदि की विशेष भूमिका रही।





No comments:
Post a Comment