Breaking News
recent

अगले 48 घंटे में और सर्द होगा राजस्थान! पड़ सकता है पाला, यहां ठंड़ से महिला की मौत

जयपुर।

जनवरी के अंतिम सप्ताह में भी प्रदेशभर में कोल्ड अटैक बना हुआ है। बीते सप्ताह मावठ के बाद अचानक मौसम ने पलटा खाया और बीते दो तीन दिन से प्रदेश के अधिकांश जिलों में रात का तापमान इकाई अंक में सिमट गया है। दिन में सर्द हवाएं धूजणी छुड़ा रही है तो रात में गलन के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

 

अगले 48 घंटे में सर्द हवाएं चलने व सर्दी के तीखे तेवर बने रहने का अंदेशा

मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में अगले 48 घंटे में सर्द हवाएं चलने व सर्दी के तीखे तेवर बने रहने का अंदेशा है। आगामी 30 जनवरी को जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है जिसके चलते भारी बर्फबारी होने के कारण आगामी दो फरवरी तक पंजाब, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में रात का तापमान 4 डिग्री के आस पास रहने का अंदेशा है।

 

तीन दिन से लगातार रात में पारा जमाव बिंदू से नीचे

बीते 24 घंटे में प्रदेश के ज्यादातर जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड हुआ है। सीकर के फतेहपुर में बीते तीन दिन से लगातार रात में पारा जमाव बिंदू से नीचे जमा रहा है। बीते शुक्रवार को कस्बे का न्यूनतम तापमान माइनस 3.5 व शनिवार रात माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं बीती रात भी पारा माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

पड़ सकता है पाला
पूर्वी राजस्थान में मौसम केंद्र ने अगले 48 घंटे में पाला पडऩे की आशंका भी व्यक्त की है। राजधानी जयपुर में बीती रात हवा की रफ्तार थमी रही लेकिन फिर भी सर्दी के तेवर नर्म नहीं हुए। शहर में आज सुबह छह बजे अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। शहर में सांगानेर थाना इलाके में सडक़ पर झुग्गी बनाकर रह रही अज्ञात बुजुर्ग महिला की सर्दी से मौत होने की सूचना है। पुलिस प्रथमदृष्टया महिला की मौत सर्दी से होना मान रही है। स्थानीय मौसम केंद्र ने आज शहर का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक रहने व दिन में तेज रफ्तार से सर्द हवाएं चलने की संभावना है।


सर्दी के तेवरों ने फिर बदला स्कूलों का समय
जयपुर जिले में तेज सर्दी को देखते हुए जिला कलक्टर जगरूप सिंह यादव ने स्कूलों का समय बदला है। कलक्टर ने एक आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के खुलने का समय आज से 2 फरवरी तक सुबह 9.30 बजे से किया है। यादव ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारियों से विचार विमर्श के बाद यह समय निर्धारित किया गया है। कल्क्टर ने तेज सर्दी को देखते हुए स्कूलों का समय तो बदल दिया, लेकिन आज स्कूलों की ओर से अधिकांश बच्चों को समय बदलने का मैसेज ही नहीं मिला। ऐसे में सर्दी में ठिठुरते हुए ही सुबह बच्चे स्कूल पहुंचे। वहीं स्कूल संचालकों का कहना है कि कलक्टर ने कल शाम को स्कूलों का समय बदला था कल स्कूल की छुटटी थी, जिसकी वजह से बच्चों तक मैसेज नहीं पहुंच पाया। अब मंगलवार से स्कूलों का समय सुबह 9.30 बजे से हो जाएगा।

तेज ठंड से जमी बर्फ की परत
भीलवाड़ा के पारोली में रविवार रात तेज गलन भरी सर्दी का कहर रहा। सोमवार सुबह हाड कपकपाती सर्दी के कारण देर तक लोग घरों में दुबके रहे। पारोली में सीनियर स्कूल के पास रात को गलन भरी ठंड़ के कारण होटल के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल पर बर्फ की परत जम गई। अन्य जगहों से भी बर्फ जमने की खबरें मिली है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.