सीकर.
20 दिन पहले तापडि़या बगीची के पास सत्यम मोबाइल सेंटर से चुराए गए मोबाइलों के साथ दो युवकों को हरियाणा से गिरफ्तार कर पुलिस सीकर आई है। इनसे मौके पर 75 महंगे मोबाइल बरामद किए गए हैं। जबकि जांच में सामने आया है कि सेंटर से मोबाइल चुराने वालों के तार अंतरराज्यीय गिरोह से जुडे़ हैं। जो दिल्ली, बंगलुरू, मुंबई व कोलकाता जैसे बडे़ महानगरों में स्थित मोबाइल शोरूम की रैकी कर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। जिनको दबोचने के लिए पुलिस की टीम उनके पीछे लगी हुई है।
कोतवाल वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी जिला नुंह मेवात हरियाणा का 27 साल का मुस्ताक पुत्र नूर मोहम्मद व 22 वर्षीय फैसल पुत्र अलीम है। जो कि, भिवाड़ी अलवर में चोरी के मोबाइल खुर्द-बुर्द करने के प्रयास में थे। लेकिन, नंबरों के आधार पर पता चला कि ये वहीं मोबाइल हैं। जो कि, सीकर से चुराए गए थे। हालांकि चोरी के मोबाइल इन तक कैसे पहुंचे। इसकी जानकारी जुटाने के लिए दोनों को सोमवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर मांगा जाएगा। ताकि गिरोह से जुडे़ बाकी लोगों तक आसानी से पहुंचा जा सके।
शुरूआती पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह में सबके काम अलग-अलग बंटे हुए हैं। इनमें वारदात करने के लिए चोरी में मंझे हुए लोगों को काम में लिया जाता है। जबकि घटना से पहले रैकी करने वाले, चोरी के माल को खुर्दबुर्द करने वाले और इनके एमआइ नंबर गायब करने वाले सब अलग हैं। इनका निशाना महंगे मोबाइलों के शोरूम ही होते हैं। जिन पर हाथ मारने के बाद एक साथ ही लाखों रुपए बटौरे जा सकें।
यह था मामला
मोबाइल सेंटर मालिक नरेंद्र के शोरूम से 29 दिसंबर के तड़के साढे़ चार बजे लग्जरी कार में सवार होकर आए पांच नकाबपोश लोग लाखों के मोबाइल व नगदी चुरा ले गए थे। सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ गए थे और कैमरे की डीवीआर निकाल कर भी साथ ले गए थे।





No comments:
Post a Comment