भीलवाड़ा।
सांगानेर रोड पर सोमवार रात गोदाम में सरिया व्यापारी के पुत्र की आंख में मिर्ची झोंककर लुटेरे पचास हजार रुपए से भरा बैग छीनकर भाग गए। वारदात में दो लुटेरों का हाथ बताया जा रहा है। वे मोटरसाइकिल पर आए थे। सुभाषनगर थाना पुलिस ने शहर में नाकाबंदी करवाई गई, लेकिन लुटेरों का पता नहीं चल पाया। देर रात लूट का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार सरिया व्यापारी चित्रकूट नगर निवासी राजकुमार जैन की सांगानेर रोड पर कोठारी नदी के निकट सरिया का गोदाम है। गोदाम पर राजकुमार का पुत्र रोहित था। रात करीब साढ़े आठ बजे एक युवक वहां पहुंचा। वह लिस्ट लेकर आया, जिसमें सीमेंट के सौ कट्टे सीमेंट और अलग-अलग नम्बर के सरिए लिखे हुए थे। उसने लिस्ट रोहित को दी और भाव-ताव किया।
रोहित सरियों का भाव बताने लगा। इस दौरान उसकी आंख में मिर्ची पाउडर फेंका और काउंटर पर रखा बैग लेकर भाग छूटा। बैग में पचास हजार नकद और हिसाब-किताब की पर्चियां थी। आंखों में जलने होने से रोहित चिल्लाया तब तक लुटेरा चौराहे पर खड़े अपने दूसरे साथी के साथ भाग गया। रोहित ने पिता को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना करवाने के बाद नाकाबंदी करवाई। आंख में मिर्ची चले जाने पर रोहित का उपचार किया गया।





No comments:
Post a Comment