Breaking News
recent

AUS vs IND : जाने क्यों है विराट के बल्ले की ग्रिप और दस्तानों का कलर पिंक

नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी चार मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट सीरीज का चौथा मैच गुरुवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपने बल्ले की ग्रिप और दस्तानों का कलर पिंक रखा है। क्या आप जानते हैं उन्होंने ऐसा क्यों किया है। दरअसल सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाने वाले टेस्ट मैच को पिंक डे टेस्ट बोला जाता है और कप्तान कोहली अपने इस अनोखे अंदाज़ में इस पहल का समर्थन कर रहे हैं।

क्यों खेला जाता है पिंक डे टेस्ट -

पिछले कुछ सालों में नए साल के दौरान सि़डनी में खेले जाने वाले टेस्ट मैच का खास महत्व रहा है। इसे पिंक टेस्ट भी कहा जाता है। सिडनी में पिंक टेस्ट पहली बार 2009 में खेला गया था। पहली बार ये टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया था। इसके बाद से ही ये प्रथा लगातार चलती आ रही है। अभी तक 10 पिंक टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं और इस बार भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा 11वां पिंक टेस्ट मैच है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ ग्लेन मैक्ग्रा की पत्नी जेन मैक्ग्रा की मौत स्तन कैंसर की वजह से हुई थी। इसलिए टेस्ट मैच से जुटाई गई राशि को ग्लेन मैक्ग्रा फाउंडेशन को दिया जाता है। ये संस्था स्तन कैंसर के प्रति लोगों को जागरुक करने के साथ-साथ शिक्षा के लिए भी काम करती है।

मैच का हाल -
बता दें भारत ने चार टेस्ट मैचों की इस सीरीज में 2-1 की बढ़त बना रखी है। वह इस मैच को जीतकर 70 साल में पहली बार इतिहास रच सकती है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लेकर मैदान पर उतरी भारतीय टीम को पहला झटका दूसरे ही ओवर में लगा। जोश हेजलवुड ने लोकेश राहुल (9) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। लोकेश राहुल दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर शॉन मार्श के हाथों लपके गए। हेजलवुड ने चौथी बार राहुल को किसी टेस्ट मैच में पवेलियन का रास्ता दिखाया है। इसके बाद मयंक ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए भोजनकाल तक बिना कोई और नुकसान किए 59 रनों की साझेदारी कर टीम को 69 के स्कोर तक पहुंचाया। लेकिन लंच के बाद मयंक (77) भी अपना नियंत्रण खो बैठे और नाथन लॉयन की गेंद पर स्टार्क को कैच दे बैठे। खबर लिखे जाने तक भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 139 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर चेतेश्वर पुजारा (39) और कप्तान विराट कोहली (7) रन बनाकर खेल रहे हैं।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.