बौंली. चरागाह क्षेत्र हथडोली, सहरावता, सवासा, गुडला नदी, कराडी, राठौद आदि से बजरी का अवैध खनन धड़ल्ले से किया जा रहा है। खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद है कि दिनदहाड़े बनास नदी में बजरी से भरे वाहनों को खुलेआम क्षेत्र की सड़कों पर दौड़ा रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई रोकने वाला नहीं है। ग्रामीणों ने बताया की चरागाह क्षेत्र की बनास नदी के हथडोली व सहरावता में लोडर द्वारा मशीन से बनास का सीना छलनी कर बजरी निकाली जा रही है। बजरी का बेखौफ परिवहन किया जा रहा है। इससे आबादी क्षेत्र पीपलवाड़ा में कई घंटों तक जाम लग जाता है। साथ ही विद्यालय में बच्चों की छुट्टी के समय दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। अवैध खनन से जलस्तर भी लगातार घटता जा रहा है और हालत विकट हो रहे हैं। कुएं सूख गए हैं।
कार्रवाई की तो कर दिया हमला
बजरी माफियाओं की दबंगई को पूर्व में हुई दुखद घटनाएं बयां करती है। बजरी माफियाओं द्वारा 23 मार्च 2017 को एसडीएम जगतराजेश्वर पर जानलेवा हमला किया गया। 13 मई को तत्कालीन थानाधिकारी राजेंद्र चौहान, 13 अक्टूबर को वरिष्ठ भू वैज्ञानिक एपी सिंह, 24 नवंबर को खनन अभियंता प्रकाश माली, 1 फरवरी को हैड कांस्टेबल इकबाल व उनकी टीम पर हमला हुआ। 14 फरवरी को कार्रवाई के दौरान सरपंच रघुवीर मीना पर हमला कर हत्या कर दी। बजरी वाहनों से हुई विभिन्न दुर्घटनाओं में पोस्टमैन रामजीलाल मीना सहित अन्य लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और कई गंभीर घायल हो चुके हैं।
यहां से निकालते हैं वाहन
बजरी के ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली बनास क्षेत्र सहरावता, सवासा, हथडोली, गुडलानदी, कराडी, राठौद, अभयपुर से भरकर पीपलवाड़ा, बहनोली, बांस की पुलिया, गंगवाड़ा, निमोद, बागडोली, फकाला, बन्धावल, गोलपुर, शिशोलाव होते हुए स्टॉकों पर जाते हैं।
यहां होते हैं स्टॉक
पंचायत थड़ौली बन्धावल में चरागाह भूमि क्षेत्र में, शिशोलाव, जामडोली आदि क्षेत्र अवैध खनन के स्टॉक किए जा रहे हैं।
अवैध बजरी खनन को लेकर सम्बन्धित सभी विभाग के अधिकारियों को बजरी खनन रोकने के निर्देश दे दिए है। अवैध बजरी खनन पर जल्द ठोस कदम उठाया जाएगा।
सत्यपाल सिंह, जिला कलक्टर
अवैध बजरी खनन को पुलिस प्रशासन पूरी तरीके से रोकने के लिए प्रयासरत है। इसको लेकर बहुत सी कार्रवाई भी की गई है। यदि खनन व परिवहन विभाग भी सहयोग करें तो बजरी खनन काफी हद तक रुक सकता है।
समीर सिंह, पुलिस अधीक्षक, सवाईमाधोपुर





No comments:
Post a Comment