बांदीकुई. शहर के सिकंदरा रोड पर बुधवार शाम फर्नीचर के गोदाम में भीषण आग लग गई। इससे आस-पास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाते समय चोट लग जाने से दमकलकर्मी पुष्पेन्द्र गुर्जर घायल हो गया। करीब पौन घण्टे तक पालिका दमकलकर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से करीब 10 लाख रुपए से अधिक का सामान जलकर राख होने का अनुमान है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सॢकट आग लगने का कारण माना जा रहा है।
शाम करीब सवा पांच बजे भारद्वाज फर्नीचर के गोदाम से अचानक धुआं बाहर आते दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की तेज लपटें निकल आई। गोदाम के ताला लगा होने से आग बुझाना मुश्किल हो गया। दमकलकर्मियों व आस-पास के लोगों ने लकड़ी की बल्लियां लेकर शटर को तोड़कर अलग किया। इसके बाद पालिका की दो दमकलों पर कार्यरत कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए। मौके पर जमा भीड़ भी आग बुझाने में जुट गई, लेकिन आग पर नियत समय पर काबू नहीं पाने से गोदाम में रखे गद्दे सहित फर्नीचर से जुड़ा अन्य सामान जलकर राख हो गया।
आग समीप वाली दुकान व मकानों में नहीं पहुंचे। इसके लिए दूसरी ओर से पानी का छिड़काव किया गया। मकानों में रह रहे लोगों को ऐहतियात के तौर पर बाहर निकाल दिया गया। पुलिस प्रशासन ने निगम अधिकारियों को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद कराई। पुलिस व अन्य लोग समीप स्थित मकान व दुकानों की छत पर चढ़ गए और पूरी नजर बनाए रखे। लोगों की भीड़ एकत्र होने से आवागमन बाधित हो गया। बाद में थाना पुलिस ने यातायात सुचारू कराया।
गोदाम मालिक शिवचरण शर्मा का कहना है कि गोदाम में फोम के गद्दे रखे हुए थे। आग कैसी लगी इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
विधायक ने लिया जायजा: विधायक गजराज खटाणा ने आगजनी की घटना से हुए नुकसान का जायजा लिया। जिला कलक्टर से दूरभाष पर बात कर आर्थिक सहायत दिए जाने की मांग की। पीडि़त व्यापारी को ढांढ़स बंधाया। इस मौके पर जिला प्रमुख गीता खटाना, प्रधान सीमा मीणा, लोकमान्यसिंह कांग्रेस जिला महासचिव शेषावतार शर्मा, दिलीप माल, सुबोध पंडित एवं दीपक तिवाड़ी भी मौजूद थे।
फाटक बंद होने से देरी से पहुंची दमकल
आगरा फाटक बंद मिलने एवं बाद में जाम लगने के कारण दमकल करीब 20 मिनट देरी से पहुंची। लोगों ने प्रशासन से एक दमकल को थाने में ही खड़ी किए जाने की मांग की। लोगों का कहना है कि पालिका कार्यालय में दो दमकल हैं। ऐसे में एक दमकल पालिका कार्यालय में एवं दूसरी को थाने में खड़ी करनी चाहिए। इससे आग की घटना होने पर नियत समय पर पहुंच काबू पाया जा सके।
पालिका की पोल खोलती दमकल
दमकलों की मरम्मत नही होने व सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त नहीं होना भी दमकलकर्मियों के लिए परेशानी बना हुआ है। दमकल का पानी के टैंक से रिसाव होने के कारण काफी मात्रा में पानी व्यर्थ बह जाता है। देर शाम सिकंदरा रोड पर लगी आग बुझाने पहुंची दमकल के पानी का पाइप लीकेज होने से काफी संख्या में पानी फैल गया। लोगों का कहना है कि आगजनी की घटनाएं आवश्यक सेवाओं में हैं, लेकिन इसके बाद भी दमकलों की मरम्मत कराकर दुरुस्त नहीं रखा जाता है। (का.सं./ए.सं.)





No comments:
Post a Comment