लालसोट. प्रदेश की राजधानी जयपुर से बुधवार सुबह अगवा किए गए एक केब कार चालक को अज्ञात बदमाश एनएच 11 बी पर मंडावरी थाने क्षेत्र बिनोरी मोड़ के पास पटक गए। बाद में पुलिस की नाकाबंदी को देखकर बदमाश कार को भी करौली के सदर थाना क्षेत्र में छोड़ गए।
मंडावरी थाना प्रभारी प्रवीणकुमार ने बताया कि बुधवार सुबह जयपुर के सिंधी केंप से तीन अज्ञात युवकों ने ओला केब चालक गोपाल महावर को जयपुर से दिल्ली रोड पर चलने के लिए बुक कर लिया। कुछ दूर आगे चलने पर ही युवकों ने देशी कट्टा दिखा कर चालक गोपाल महावर को अगवा करते हुए कार के पीछे डाल दिया और कार को लेकर वे लालसोट होते हुए गंगापुर सिटी रोड पर आ गए। बाद में बिनोरी मोड़ के पास चालक को पटक गए।
इसी दौरान मंडावरी थाना पुलिस जब गश्त करते हुए वहां पहुंची तो पीडि़त चालक ने उन्हे पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। बाद में पुलिस ने कार व तीनों बदमाशों की तलाशी के लिए आस पास के कई जिलों में नाकाबंदी कराई तो बदमाश कार को करौली के सदर थाना क्षेत्र में छोड़ गए। जिसे करौली पुलिस ने जब्त कर लिया। मंडावरी थाना पुलिस ने बताया कि प्रकरण को लेकर कार चालक की ओर से मंडावरी थाने में भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।(नि.प्र)
टै्रक्टर की टक्कर से रेलवे कर्मचारी की मौत
दौसा . सदर थाना इलाके के जीरोता रोड पर बुधवार को जटवाड़ा निवासी रेलवे कर्मचारी लक्ष्मीनारायण मीना (25) की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इससे उसकी मौत हो गई।
सदर थाने के डयूटी अधिकारी हरिराम मीना ने बताया कि जटवाड़ा निवासी लक्ष्मीनारायण मीना गोवा में रेलवे कर्मचारी था। वह गोवा जाने के लिए दौसा रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन करा कर जटवाड़ा लौट रहा था। जीरोता रोड पर पाराशर मंदिर के समीप उसकी बाइक आगे चल रहे टै्रक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इससे युवक की मौत हो गई। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द
कर दिया।
दादा की मौत पर आया था गांव: लक्ष्मीनारायण मीना के दादा की पन्द्रह दिन पहले मौत होने पर वह गोवा से गांव आया था। अब वापस ड्यूटी पर लौटने के लिए ट्रेन में रिजर्वेशन कराने दौसा आया था।
दो भाई घायल
लालसोट. शहर के गंगापुर सिटी रोड पर उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के पास बुधवार दोपहर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सुकार निवासी रमेश व सुरेश शर्मा पुत्र हीरालाल शर्मा बाइक से गांव जा रहे थे। इस दौरान एक बस की टक्कर से दोनों घायल हो गए। लालसोट सीएचसी से उन्हें जयपुर रैफर कर दिया। (नि.प्र)





No comments:
Post a Comment