रक्तिम तिवारी/अजमेर.
राजस्थान लोक सेवा आयोग भर्ती परीक्षाओं के आवेदन पत्र (फार्म) को सरल बनाएगा। फार्म में बेवजह की जानकारियों के बजाय जरूरी सूचनाएं ही भरवाई जाएंगी। इससे अभ्यर्थियों और आयोग को सहूलियत होगी। आंतरिक स्तर पर योजना पर कामकाज शुरू हो चुका है।
आयोग आरएएस और अधीनस्थ सेवाओं सहित कॉलेज, स्कूल व्याख्याता, तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा और अन्य विभागों की भर्ती परीक्षाएं करता है। प्रत्येक भर्ती परीक्षा से पहले आयोग विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन मांगता है। मौजूदा ऑनलाइन फार्म व्यवस्था के तहत आयोग अभ्यर्थियों से विस्तृत जानकारियां भरवाता है। इनमें नाम, शैक्षिक डिग्रियों, डाक के पते सहित अभिरुचि, फोन, मोबाइल नंबर और अन्य सूचनाएं शामिल होती हैं।
हर बार जांचनी पड़ती है सूचनाएं
आयोग की आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा, कॉलेज और स्कूल व्याख्याता, तकनीकी शिक्षा और अन्य परीक्षाओं में कई अभ्यर्थी बार-बार बैठते हैं। हर बार ऑनलाइन फार्म में नए सिरे से विस्तृत जानकारी भरवाई जाती हैं। आयोग को इनकी सूचनाएं जांचनी पड़ती है। कंप्यूटर में परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों से ज्यादा डाटा अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों का रहता है। इसमें कर्मचारियों का काफी वक्त खराब होता है। आयोग को भी तकनीकी रूप से परेशानियां होती हैं। कई अभ्यर्थियों के त्रुटियां छोडऩे और फार्म में वांछित जानकारी नहीं होने पर आयोग को सार्वजनिक सूचना, विज्ञापन भी जारी करना पड़ता है।
भर्ती फार्म को बनाएंगे सरल
परेशानियों को देखते हुए आयोग भर्तियों के फार्म को दो चरण में भरवाना चाहता है। आंतरिक स्तर पर एक कमेटी योजना बनाने के अलावा कामकाज में जुटी है। प्रस्तावित योजनान्तर्गत भर्तियों के परीक्षा फार्म को सरल बनाया जाएगा। पहले चरण में अभ्यर्थियों के नाम, माता-पिता का नाम, डाक का पता और कुछ जरूरी जानकारियां ही भरवाया जाना प्रस्तावित है। ताकि अभ्यर्थियों को फार्म भरने में परेशानियां नहीं हो। मालूम हो कि एसएसओ-आईडी पद्धति से आयोग पहले ही फार्म भरवाने की शुरुआत कर चुका है। इसके तहत अभ्यर्थियों को विशिष्ट कोड दिया जा रहा है।
सफल अभ्यर्थियों से भरवाएंगे विस्तृत फार्म
दूसरे चरण में आयोग भर्ती परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों से ही विस्तृत फार्म भरवाने की योजना बना रहा है। भर्ती परीक्षाओं के परिणाम आने के बाद आयोग एक सप्ताह अथवा दस दिन के लिए सफल अभ्यर्थियों के लिए पोर्टल खोलेगा। सिर्फ यही अभ्यर्थी मौजूदा प्रावधान अनुसार विस्तृत आवेदन पत्र भर सकेंगे।
तैयार होगा ई-वॉलेट
आयोग अभ्यर्थियों का ई-वॉलेट भी तैयार करेगा। प्रत्येक वॉलेट में अभ्यर्थियों द्वारा अर्जित अंक, परीक्षा और शैक्षिक दस्तावेज ई-प्रारूप में उपलब्ध रहेंगे। वॉलेट में दस्तावेजों के डिजिटलीकरण के बाद आयोग और अभ्यर्थियों को फायदा होगा।आयोग को अभ्यर्थियों से सर्टिफिकेट और अंकतालिका बार-बार मंगवाने और जांचने का झंझट नहीं होगा। देश-विदेश की शैक्षिक संस्थाएं, निजी और सरकारी कम्पनियां इन दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच कर सकेंगी।
भर्ती परीक्षाओं के फार्म को सरल बनाया जाना प्रस्तावित है। फार्म में केवल जरूरी सूचनाएं ही भरवाई जाएं ऐसी योजना बनाई जाएगी। इससे अभ्यर्थियों और आयोग को सहूलियत होगी। कम्प्यूटर पर डाटा की जांच में आसानी होगी।
दीपक उप्रेती, अध्यक्ष आयोग राजस्थान लोक सेवा आयोग





No comments:
Post a Comment