भीलवाड़ा।
पथिकनगर क्षेत्र के माधव नगर में रविवार को सीवरेज परियोजना की खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से गड्डे में एक श्रमिक दब गया। गनीमत रही की लोगों की सजगता से उसे दस मिनट में सही सलामत निकाल लिया गया। दूसरी तरफ क्षेत्र के लोगों को आरोप है कि आधे अधूरे निर्माण कार्य से लोगों को आने जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही।
यहां माधवनगर के आर सेक्टर में रविवार दोपहर सड़क के मध्य सीवरेज चेम्बर बनाने के लिए जेसीबी से खुदाई हो रही थी। यहां श्रमिक मुकेश गुजराती एक हिस्से में मिट्टी हटा रहा था कि गहरी खुदाई से जमीन धंस गई और उसमें श्रमिक दब गया और उस पर मिट्टी आ गिरी। जानकारी होते ही यहां अन्य श्रमिक चिल्लाए और बचाव में दौड़े। वही चालक ने भी जेसीबी बंद कर दी। हल्ला मचने पर आस पड़ोस के लोग भी आ गए और उन्होंने श्रमिकों की मदद से करीब छह फीट गढड्े में दबे श्रमिक को सुरक्षित निकाल लिया। श्रमिक को परियोजना की टीम चिकित्सालय में ले गई, जहां देर शाम उसकी हालत में सुधार आया।
माधवनगर के बाशिंदे श्रीलाल सोनी ने कहा कि अव्यवस्थित तरीके से हो रही खुदाई और उसके बाद धंस रही मिट्टी से सड़क पर कई हिस्सों गढ्डे पड़ गए। इससे राहगीरों व चालकों के साथ बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पार्षद पंकज श्रोत्रिय ने भी कई हिस्सों में उधड़ी सड़कों की मरम्मत ठीक तरीके से नहीं करने पर रोष जताया। उनका कहना है कि सीवरेज पाइप बिछाने के बाद मरम्मत कार्य में खानापूर्ति हुई है। अभी सड़कें धंस रही है। बारिश के मौसम में तो हाल कही अधिक बुरे होंगे।





No comments:
Post a Comment