मुंबई : टेस्ट क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे चेतेश्वर पुजारा को उनकी प्रतिभा के हिसाब से कभी न्याय नहीं मिला। वह हमेशा नजरअंदाज किए गए। वह अभी तक 18 टेस्ट शतक लगा चुके हैं और वर्तमान आस्ट्रेलियाई सीरीज में तो 74 की भी ज्यादा औसत से बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनके प्रदर्शन ने बीसीसीआइ को मजबूर कर दिया है कि इस खास खिलाड़ी के बारे में वह दोबारा से सोचे। इसलिए वह अब अपनी गलती सुधारने पर विचार कर रहा है। खबर है कि सीओए चीफ विनोद राय ने इसके लिए पहल की है। वह चयन समिति प्रमुख एमएसके प्रसाद और टीम मैनेजमेंट में शामिल कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री के साथ मिलकर इस पर काम करेंगे।
ए से ए प्लस कैटेगरी में हो सकते हैं अपग्रेड
ऑस्ट्रेलिया सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद बीसीसीआइ अब उन्हें ए से ए प्लस कैटेगरी में अपग्रेड करने के बारे में सोच रहा है। इसके लिए टॉप कैटेगरी में शामिल करने के नियमों में छूट दी जा सकती है। साल 2018 में बनाए गए कैटेगरी के नियमों के अनुसार ए प्लस कैटेगरी में उन्हीं खिलाड़ियों को शामिल किया जाता है, जो क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अच्छा प्रदर्शन करते हैं, जबकि पुजारा भारत की सिर्फ टेस्ट टीम में शामिल हैं। इस वजह से उन्हें टॉप कैटेगरी में नहीं रखा गया था। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के कारण बीसीसीआइ अब उन्हें ए प्लस ग्रेड में रखने पर विचार कर रहा है। अगर ऐसा होता है तो टेस्ट क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में इसे अच्छा कदम माना जाएगा और शॉर्टर फॉर्मेट की तरफ भाग रहे युवा क्रिकेटरों में अच्छा मैसेज जाएगा।
इतनी मिलती हैं रकम
साल 2018 में बने नए अनुबंध के तहत ए प्लस कैटेगरी में शामिल प्लेयर को सात करोड़ रुपए सालाना का अनुबंध दिया गया है, ए कैटेगरी को पांच करोड़, बी को तीन और सी कैटेगरी को एक करोड़ रुपए मिलती है। फिलहाल पुजारा फिलहाल ए कैटेगरी में हैं। ए प्लस कैटेगरी में इस वक्त सिर्फ पांच खिलाड़ी कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और शिखर धवन शामिल हैं।





No comments:
Post a Comment