लालसोट. उपखण्ड के कल्याणपुरा गांव में शुक्रवार शाम करंट से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मंडावरी थाना पुलिस के अनुसार कल्याणपुरा गांव में एक खेत पर जयपुर डिस्कॉम के निजी ठेेकेदार के श्रमिक कृषि कनेक्शन के लिए डीपी लगाने व कनेक्शन जोडऩे का कार्य कर रहे थे। नगरियावास गांव निवासी युवक मुनेश पुत्र राजाराम व चिंटू पुत्र छाजूलाल मीना कनेक्शन करने के लिए खम्भे पर चढ़े तो उसी समय तारों में आ रहे करंट से चिपककर जमीन पर गिर पड़े। इससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान एक-दो युवक भी मौजूद थे, लेकिन वे सुरक्षित बच गए। स्थानीय ग्रामीणों केे अनुसार जब निगम के ठेकेदार के श्रमिक कनेक्शन कर रहे थे, उस समय बिजली की आपूर्ति बंद थी, लेकिन इसी दौरान बगड़ी गांव स्थित जीएसएस से बिजली की आपूर्ति चालू करने से यह हादसा हुआ है।
दूसरी ओर निगम के एक्सईएन यशपालसिंह सिकरवार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। घटना के दौरान बिजली चालू थी या बंद थी या बिना शट डाउन लिए काम किया जा रहा था। इसकी मौके पर पहुंचकर जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी। मामले की जानकारी मिलने पर मंडावरी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार की अगुवाई में पुलिस बल भी मौकेे पर पहुंचा और घटना का जायजा लिया।
युवकों के परिजन मौके पर पहुंचे तो शवों को देख कर बिलख पड़े। घटना की जानकारी पर सैकड़ों ग्रामीण भी जमा हो गए और घटना के लिए निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए हंगामा करने लगे और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। घटना की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार रजनी मीना भी मौके पर पहुंची। (नि.प्र)





No comments:
Post a Comment