अलवर में बदमाश अब कहीं भी गोली चला सकते हैं। उन्हें ना कानून का खौफ है, ना पुलिस का। अलवर जिले की उद्योगनगरी भिवाड़ी में रविवार देर शाम बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल छीनने का प्रयास किया, जब युवक ने मोबाइल छीनने का विरोध किया तो बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। इससे युवक घायल हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार करौली जिले के श्री महावीर जी थाना क्षेत्र के गांव मेहशवा निवासी ऋषिकेश मीणा पुत्र रामेश्वर मीणा भिवाड़ी में रहकर किसी फैक्ट्री में काम करता है। यह अपने एक अन्य साथी के साथ देर शाम को बाजार से कुछ किताब लेकर घर जा रहा था कि जैक्वार फैक्ट्री के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और उससे मोबाइल छीनने की कोशिश की। ऋषिकेश ने मोबाइल नहीं छोड़ा और विरोध किया तो एक बदमाश ने युवक को गोली मार दी, जो ऋषिकेश के पैर में लगी है। लोगों ने उसे पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली।
युवक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। खतरे जैसी कोई बात नहीं है। फिलहाल बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर रवाना कर दी है। सर्किल क्षेत्र में नाकाबंदी कराने के साथ ही सीमावर्ती हरियाणा क्षेत्र में भी नाकाबंदी कराई है।
-अर्जुन सिंह शेखावत, पुलिस उपाधीक्षक, भिवाड़ी(अलवर)।





No comments:
Post a Comment