रायपुर मारवाड़ (पाली). तमाम प्रयासों के बाद भी पहाड़ी क्षेत्र के चांग सहित आस-पास के गांवों में बजरी खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। तीन दिन पहले तीन साल की मासूम को चपेट में लेने के बाद भी जिम्मेदारों ने प्रभावी कदम नहीं उठाया। अब शनिवार रात चांग के देवनगर में एक और हादसा हुआ। इस बार बजरी से लदा बेकाबू ट्रैक्टर ट्रॉली सडक़ किनारे विद्युत पोल को तोड़ मकान में घुस गया। हादसे में चार जनों के चोटें आई है।
रात करीब साढ़े आठ बजे नानणा नदी से बजरी भरकर ब्यावर की तरफ जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली की रफ्तार तेज थी। रास्ते में देवनगर चांग में ट्रैक्टर ट्रॉली सडक़ किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। बेकाबू ट्रेक्टर ट्रॉली पोल को तोड़ भंवर सिंह भाटी के मकान में घुस गया। मकान से टकराने के बाद ट्रॉली पलट गई, जबकि ट्रेक्टर का अगला हिस्सा मकान में जा कर फंस गया। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची सरपंच गीता काठात व दीपक काठात ने पुलिस को सूचना दी।
मां से लिपट बिलख पड़े बच्चे
हादसे के समय भंवरसिंह घर पर नहीं था। पत्नी व तीन बच्चे थे। बच्चे मां के पास सोए हुए थे। अचानक धमाके के साथ ट्रैक्टर को मकान के अंदर घुसा देख बच्चे बिलख पड़े और मां से लिपट रोने लगे। बच्चों के चोटे आई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़ फ रार हो गया। सूचना मिलने पर सेंदड़ा थानाप्रभारी सुरेश चौधरी ने पुलिस टीम भेज ट्रेक्टर ट्रॉली को जब्त करवा चालक की तलाश शुरू की।
मोबाइल की रोशनी में बच्चों को निकाला बाहर
हादसे की खबर आग की तरह गांव में फैल गई। बड़ी संख्या में लोग वहां पहुच गए। मकान में बिलखते बच्चों के पास वे जाने लगे। लेकिन, बिजली के तार बिखरे होने से करंट लगने के डर से वे कुछ दूर खड़े रहे। उन्होंने डिस्कॉम अधिकारी को सूचना कर आपूर्ति बंद कराई। फिर मोबाइल की रोशनी में घर के अंदर जाकर बच्चों को बाहर लाए। चारों को ब्यावर के अस्पताल ले
जाया गया।
इधर, गले में अटका तार, बाइक सवार घायल
पोल टूटने से विद्युत प्रवाहित तार टूट कर सडक़ पर गिरे। इस बीच वहां से बाइक लेकर जा रहे इस्माइल को तार नजर नहीं आए। इस्माइल के गले मे तार फं सने से वह बाइक सहित गिर गया। इस्माइल के गले व पैर में चोट आई। गनीमत रही कि तार टूटने से आपूर्ति बंद हो गई। नहीं तो इस्माइल की जान जा सकती थी।
आठ माह में छठा हादसा
चांग व नानणां के बीच बीते आठ माह में बजरी टै्रक्टर ट्रॉली से यह छठा हादसा है। गुरुवार दोपहर में ट्रैक्टर ट्रॉली ने स्कूटी को चपेट में लिया था। हादसे में नून्द्री महेन्द्रतान की तीन साल की नायरा की मौत हो गई। जबकि इसके पिता कैलाश व इनकी मां घायल हो गए। जबकि अब तक आधा दर्जन से अधिक बाइक सवार बजरी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से घायल हो चुके हैं।





No comments:
Post a Comment