सभी कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर, आज भी करेंगे बहिष्कार
पेंशन सहित विभिन्न मांगें, केंद्र के प्रति रोष
श्रीगंगानगर. पेंशन सहित विभिन्न मांगों को लेकर बैंक, डाक व बीमा कर्मचारी मंगलवार से दो दिन की सामूहिक हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया। बैंक कर्मचारियों ने राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन, डाककर्मियों ने अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ व बीमा कर्मियों ने ऑल इण्डिया इंश्योरेंस एम्पलॉइज एसोसिएशन के बैनर तले सामूहिक हड़ताल की। इस दौरान कार्यालयों में कोई कामकाज नहीं हुआ।
ऑल इण्डिया इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन के आह्वान पर भारतीय जीवन बीमा निगम श्रीगंगानगर शाखा प्रथम के अध्यक्ष राजीव लड़ोइया व सचिव टीसी अग्रवाल तथा शाखा द्वितीय के अध्यक्ष कृष्ण राम व सचिव राजकुमार गोस्वामी के नेतृत्व में मंगलवार को समस्त बीमा कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर रहे। 9 जनवरी को भी सामूहिक हड़ताल पर रहेंगे।
शाखा द्वितीय अध्यक्ष कृष्ण राम ने बताया कि ऑल इण्डिया इंश्योरेंस एम्पलॉइज एसोसिएशन तथा नॉर्दन जोन इंश्योरैंस एम्पलॉईज एसोसिएशन द्वारा राष्ट्रीय पेंशन योजना को समाप्त करने, पैंशन योजना 1995 का एक विकल्प और देने, 1 अगस्त 2017 से देय वेतन पुननिर्धारण पर वार्ता अविलम्ब प्रारम्भ करने, भारतीय जीवन बीमा निगम में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नई भर्ती अविलम्ब प्रारम्भ करने, सार्वजनिक क्षेत्र के बीमा उद्योग की हिफाजत करते हुए उसे मजबूत करने, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों का निजीकरण बंद करने, श्रम कानूनों में कॉर्पोरेट क्षेत्र के हितों के लिए संशोधन बंद करने, सभी श्रमिकों को न्यूनतम 18 हजार रूपये वेतन देने तथा ठेकाकरण बंद करने की मांग को लेकर लिए गए संयुक्त निर्णयानुसार बीमाकर्मी हड़ताल में शामिल हुए हैं।
इस अवसर पर ज्योति झांब, सविता सिडाना, सोनिका भाटिया, सुनीता छाबड़ा, अरविन्द्र कौर, गुरविन्द्र कौर, अन्जू, अनिता अनेजा, वीना खुराना, लेखा ओबेरॉय, अमिता चौपड़ा, सोनम तलवार, अंगूरी देवी, विपिन सरीन, मनदीप भाटिया, सुनील चुघ, सुन्दरलाल सहित शाखा प्रथम एवं द्वितीय के समस्त बीमाकर्मियों ने शाखा प्रथम एवं शाखा द्वितीय के प्रांगण में इकट्ठे होकर अपनी माँगों के समर्थन में नारेबाजी की तथा धरना-प्रदर्शन किया।
डाक कर्मचारी भी हड़ताल पर
केंद्रीय कर्मचारी संगठन के आह्वान पर मंगलवार से अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ ने दो दिन की सांकेतिक हड़ताल मंगलवार को मुख्य डाकघर के समक्ष शुरू कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसमें सरकार ने बात नहीं सुनी तो भविष्य में भी विरोध किया जाएगा। इसमें केंद्रीय विभाग, इनकम टैक्स, बैंक, टेलीफॉम, आरएनएसयू, आरएएनसीई सहित दस ट्रेड यूनियन हड़ताल में शामिल है। मंडल सचिव रविंद्र गहलोत ने बताया कि नए कर्मचारियों के पेंशन के नाम पर धोखा दिया जा रहा है।
विधायक, सांसद पांच वर्ष की सेवा पूर्ण आजीवन पेंशन पाते हैं जबकि तीस से चालीस वर्ष सेवा करने वाला कर्मचारी वर्ग शेयर बाजार आधारित एनपीएस सेवा से नाम मात्र पेशंन पाता है। इसकी भी कोई गारंटी नहीं है। हर स्तर पर इसके खिलाफ है और सरकार को इस पर ध्यान देने के लिए मजबूर किया जाएगा। इस मौका पर अध्यक्ष निरंजन सिंह, पोस्टमैन यूनियन सचिव सीताराम मीणा,अध्यक्ष लीलाधर, ग्रामीण डाक सचिव राम सिंह भुल्लर, ग्रामीण डाक यूनियन अध्यक्ष सतविंदर सहित कई कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए।
‘श्रमिकों की समस्याओं का निराकरण हो’
श्रीगंगानगर. 8-9 जनवरी की देशव्यापी हड़ताल में शामिल होकर भवन निर्माण मिस्त्री मजदूर यूनियन (सीटू) ने उप श्रम आयुक्त को ज्ञापन दिया। भवन निर्माण मिस्त्री मजदूर यूनियन (सीटू) के जिलाध्यक्ष का. लखविन्द्र सिंह के नेतृत्व में 8-9 जनवरी की देशव्यापी हड़ताल में शामिल होकर संगठन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा श्रमिकों ने उप श्रम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर श्रमिकों की समस्याओं का निराकरण करने की माँग की है।
इससे पूर्व श्रम विभाग कार्यालय के समक्ष श्रमिकों द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष का. लखविन्द्र सिंह ने कहा कि भवन निर्माण मिस्त्री मजदूर यूनियन (सीटू) लम्बे समय से श्रमिकों की समस्याओं से अवगत करवाकर निराकरण की मांग करती आ रही है, लेकिन श्रमिकों की समस्याओं का निराकरण नहीं होने से यूनियन एवं श्रमिकों में
काफी रोष व्याप्त है।
जिलाध्यक्ष लखविन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले लम्बे समय से शुभ शक्ति, छात्रवृत्ति, प्रसूति, सुलभ आवास योजना के अन्तर्गत पंजीकृत हिताधिकारी श्रमिकों ने आवेदन कर रखे हैं,जो लंबे समय से पंचायत समिति में पैंडिंग हैं, जिन पर आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है और न ही श्रमिकों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
भवन निर्माण मिस्त्री मजदूर यूनियन (सीटू) ने ज्ञापन प्रस्तुत कर मांग की कि पंजीकृत हिताधिकारी श्रमिकों को योजना का लाभ मिलना चाहिए। की शुभ शक्ति, छात्रवृत्ति, प्रसूति, सुलभ आवास योजनाओं, श्रमिकों की मृत्यु सम्बन्धी लम्बे समय से पंचायत समितियों में विचाराधीन पत्रावलियों को श्रम विभाग में ट्रांसफर करवाया जाकर शीघ्र कार्यवाही की जाये।
भवन निर्माण मिस्त्री मजदूर यूनियन (सीटू) ने उप श्रम आयुक्त को चेतावनी देते हुए कहा कि 15 जनवरी, 2019 तक श्रमिकों की उक्त समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भवन निर्माण मिस्त्री मजदूर यूनियन (सीटू) द्वारा श्रम विभाग के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जायेगा, जिसकी तमाम जिम्मेवारी श्रम विभाग, जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार की होगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लखविन्द्र सिंह, संदीप सिंह, का.वेदपाल सिंह, नरेगा मजदूरों की प्रधान परविन्द्र कौर आदि शामिल हुए।





No comments:
Post a Comment