Breaking News
recent

गणतंत्र दिवस परेड का अन्तिम पूर्वाभ्यास सम्पन्न,मंत्री सालेह मोहम्मद करेगें ध्वजारोहण

जैसलमेर. गणतंत्र दिवस समारोह के उपलक्ष्य में 26 जनवरी 2018 को प्रात: कालीन जिला स्तरीय मुख्य समारोह के अवसर पर प्रस्तुत की जाने वाली परेड एवं अन्य कार्यक्रमों का शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में अन्तिम पूर्वाभ्यास किया गया। अतिरिक्त जिला कलक्टर वीरेन्द्र कुमार वर्मा ने गणतंत्र दिवस परेड, व्यायाम प्रदर्शन, पिरामिड प्रदर्शन एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अंतिम पूर्वाभ्यास के अवसर पर परेड कमाण्डर रिजर्व पुलिस इंसपेक्टर किशनसिंह चारण के नेतृत्व में बीएसएफ, राजस्थान पुलिस, अरबन होमगार्ड, एनसीसी सीनियर, एनसीसी जूनियर, स्टेडेंट पुलिस केडेट, स्काउट, एवं गल्र्स गाईड द्वारा पुलिस बैण्ड की धुनों पर मार्चपास्ट किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नवल किशोर गोयल, प्रारम्भिक रामधन जाट, अतिरिक्त जिला शिक्षाधिकारी कमल किशोर व्यास, जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी, प्रधानाचार्य पूनमाराम उपस्थित थे। अंतिम पूर्वाभ्यास नगर में स्थित 31 राजकीय एवं निजी विद्यालयों के लगभग 1000 छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर किशनी देवी मगनीराम मोहता राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, स्वामी विवेकानन्द मॉडल विद्यालय, सेंट पॉल एवं मिशन स्कूल द्वारा सामूहिक घूमर नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर आदर्श विद्या मंदिर की ओर से घोष वादन किया गया, वहीं स्काउट की ओर से पिरामिड निर्माण किया गया। कार्यक्रम का संचालन विजय बल्लाणी व आरती मिश्रा ने किया। सांयकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गांधी कॉलोनी में किया गया। इस अवसर पर राजकीय एवं निजी विद्यालयों के लगभग 200 बालक-बालिकाओं ने देषभक्ति, राजस्थान की संस्कृति से संबंधित 11 कार्यक्रमों का अन्तिम पूर्वाभ्यास किया गया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वीरेन्द्र कुमार वर्मा, यूआईटी सचिव, डीइओ माध्यमिक नवल किशोर गोयल ने निरीक्षण किया। इस मौके पर विजय बल्लाणी, नटवर व्यास ने कार्यक्रमों का संयोजन एवं जेठूसिंह माली ने सहयोग दिया। खेमचन्द राठी व मोहन खां ने संगीत निर्देश किया।

अल्पसंख्यक मामलात मंत्री सालेह मोहम्मद करेगें ध्वजारोहण
-स्वर्णनगरी में गणतंत्र दिवस समारोहपूर्वक मनाया जाएगा
जैसलमेर. स्वर्णनगरी में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ, जन अभाव अभियोग निराकरण मंत्री सालेह मोहम्मद शहीद पूनमसिंह स्टेडियम 26 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में प्रात: 9:05 बजे ध्वजारोहण करेगें और परेड का निरीक्षण करेंगे। समारोह में परेड कमाण्डर रिजर्व पुलिस इन्सपेक्टर किषनसिंह चारण के नेतृत्व में मार्चपास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि मुख्य अतिथि व अल्पसंख्यक मामलात मंत्री मोहम्मद जिला स्तरीय समारोह में जिले मे सराहनीय सेवाओं एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए लोगों को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगे। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम विवरण के अनुसार अतिरिक्त जिला कलक्टर वीरेन्द्र कुमार वर्मा राज्यपाल के संदेश का पठन करेंगे। मुख्य समारोह में नगर में स्थित राजकीय एवं निजी विद्यालयों के लगभग 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही बालचरों एवं गल्र्स गाईड द्वारा साहसिक पिरामिड निर्माण का प्रदर्शन प्रस्तुत किया जाएगा। समारोह में आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा लेजियम, डम्बलस, घोष प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्य समारोह में किशनीदेेवी मगनीराम मोहता राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं के साथ ही अन्य शिक्षण संस्थाओं द्वारा आकर्षक साँस्कृतिक समूह नृत्य पेश किया जाएगा। समारोह में विभिन्न विभागों एवं शिक्षण संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक झांकियां निकाली जाएगी। गणतंत्र दिवस समारोह की कडी में शनिवार को अपराह्न 4 बजे पुलिस लाइन मैदान में जिला प्रशासन व नगरपरिषद के बीच वॉलीबाल मैच आयोजित होगा, वहीं शाम 7 बजे शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में विद्यालयों के नन्हें-मुन्हें बाल कलाकारो का आकर्षक एवं शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। समारोह के कड़ी में 26 जनवरी को प्रात: 7 से 8 बजे तक विद्यालयों से नगर के मुख्य मार्गो से होकर प्रभात फेरी निकाली जाएगी और शहीद पूनमसिंह स्टेडियम पहुंचेगी।

मोहनगढ़. कस्बे के सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रीय पर्व मनाया जाता है। इस बार भी गणतंत्र दिवस को सामूहिक रूप से मनाने को लेकर सभी विद्यालयों द्वारा शारीरिक व्यायाम व परेड का पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। पूर्वाभ्यास में विद्यार्थियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। कड़ाके की सर्दी के बावजूद विद्यार्थी पूर्वाभ्यास में उत्साह के साथ भाग ले रहे है। गुरुवार को ठण्डक के बावजूद विद्यार्थी शारीरिक व्यायाम व परेड के पूर्वाभ्यास के लिए कस्बे के मिनी स्टेडियम में पहुंचे, जहां पर दो घण्टे तक पूर्वाभ्यास किया गया। कस्बे लगभग 13 सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों द्वारा शारीरिक व्यायाम व परेड का पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। इसके अलावा सभी विद्यालय अभी से ही झांकियों की तैयारियों भी जुट गए है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारिया सभी विद्यालयों की ओर से अपने अपने विद्यालयों में ही करवाया जा रहा है।
रामगढ़. कस्बे के स्टेडियम में गणतंत्र दिवस को लेकर सामूहिक व्यायाम व परेड का पूर्वाभ्यास छात्र-छात्राओं की ओर से किया जा रहा हैं । शारीरिक शिक्षक दानसिंह व सहायक हमीरसिंह ने बताया कि गत दिनों विद्यार्थियों की ओर से शारीरिक व्यायाम प्रदर्शन व परेड का प्रदर्शन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रमुख अमरदीप सोनी ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नृत्य, कविताएं, देशभक्ति गीत आदि का आयोजन होगा। प्रधानाचार्य हड़वंताराम ने बताया कि कस्बे में गणतंत्र दिवस पर्व में दस विद्यालय रहेंगे। यहां सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों की बालक-बालिकाएं, भिन्न-भिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां कर रहे है। गत तीन-चार दिनों से विद्यालयों की ओर से पूर्वाभ्यास किया जा रहा है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.