Breaking News
recent

प्रसूता के साथ आई महिला का पर्स पार

सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला जिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु अस्पताल के लेबर रूम का है। यहां एक प्रसूता के साथ आई महिला का पर्स पार हो गया। अस्पताल पुलिस के अनुसार पीडि़ता प्रिया कंवर निवासी रवांजना चौड़ है। वह मंगलवार रात को खातौली निवासी ननद किरण कंवर को प्रसव कराने के लिए उसकी सास बबली कंवर के साथ आई थी। दोपहर करीब 12 बजे ननद को प्रसव कराने के लिए लेबर रूम में ले जाया गया। वह लेबर रूम के बाहर खड़ी थी। इस दौरान सलवार सूट पहने व नीला शॉल ओढ़े एक अज्ञात महिला पहले से वहां मौजूद थी। उसने पहले पीडि़त महिला से आधार कार्ड मांगा। बाद में दो बार पानी का गिलास मांगा। बाद में वह पीडि़ता की सास बबली कंवर के पास बैठी रही। थोड़ी देर अज्ञात महिला बाहर आई और पीडि़ता से कहा कि उनकी सास बैग मंगवा रही है। पीडि़त महिला ने उसको बैग दे दिया। इस दौरान अज्ञात महिला बैग में से पर्स लेकर भाग गई। इधर, घटना के पीडि़तों ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।


सुरक्षा को लेकर खड़े हुए सवाल : घटना के बाद जिला अस्पताल में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए है। जिले के सबसे बड़े अस्पताल में सुरक्षा को लेकर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। यही वजह है कि आए दिन मारपीट व चोरी की घटनाएं बढ़ रही है। यहां पुलिस चौकी होने के बावजूद भी चोरी घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।


खंगालते रहे सीसीटीवी कैमरे
घटना के बाद मातृ एवं शिशु अस्पताल में कर्मचारी सीसीटीवी कक्ष में ठगी महिला के बारे में सीसीटीवी कैमरे सेे फुटेज भी देखे। इसमें महिला की तस्वीर स्पष्ट नहीं मिल सकी, लेकिन परिजनों के बताए अनुसार महिला के सलवार सूट व शॉल ओढ़े होने के बारे में सीसीटीवी कैमरे में फुटेज दिखाई दिए।


पर्स लेकर चंपत
पीडि़ता व परिजन लेबर रूम में पहुंचते उससे पहले ही महिला पर्स लेकर गायब हो गई। परिजनों ने बताया कि उस महिला को देखने बाहर निकले तब तक महिला चिकित्सालय परिसर से जा चुकी थी। घटना के बाद पीडि़त महिला व परिजनों ने नर्सिंग स्टाफ को बताया तो उसे ज्ञात हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है।


पर्स में थे 15 हजार रुपए
घटना के बाद पीडि़ता प्रिया कंवर ने बताया कि पर्स में 15 हजार रुपए थे, जो डिलेवरी के लिए लेकर आए थे। इसके अलावा एक मंगलसूत्र भी था।


फिलहाल, जयपुर हूं। ठगी की घटना के बारे में सीसीटीवी कैमरे में फुटेज देखे जाएंगे। गार्ड नहीं होने से परेशानी आ रही है। इस बारे में जिला कलक्टर व पीएमओ को समस्या बताई जाएगी।
एसएन अग्रवाल, डिप्टी कंट्रोलर, जिला अस्पताल सवाईमाधोपुर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.