मानपुर. सिकराय पंचायत समिति की शुक्रवार को हुई साधारण सभा की बैठक में सरपंच व पंचायत समिति सदस्यों ने बिजली, पानी एवं अन्य समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अधिकारी बैठकों में तो आश्वासन दे जाते हैं, लेकिन धरातल पर समस्याएं आज भी बरकरार हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि अब सरकार बदल चुकी है। अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार कर लें। जनसमस्याओं के निस्तारण में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। प्रधान बदाम सैनी की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में भूपेश ने अधिकारियों से विभागवार रिक्त पद एवं कार्यों को लेकर फीडबैक लिया। समस्याओं को लेकर अधिकारियों से सवाल जवाब किए।
उन्होंने कहा कि चार साल से बैठकों में बिजली, पानी सहित अन्य समस्याओं को लेकर अधिकारी आश्वासन देते आ रहे हैं, लेकिन काम कुछ नहीं हुआ। लोग आज भी पानी के लिए भटकने को मजबूर है। मंत्री ने राशन वितरण में अनियमितताओं की शिकायत पर प्रवर्तन निरीक्षक जगदीश शर्मा को फटकार लगाई और कहा कि कालाबाजारी या चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने विद्युत निगम अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर नाराजगी व्यक्त कर अभियंताओं को सुधार करने निर्देश दिए। मंत्री ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता दीनदयाल मीना क्षेत्र में व्याप्त पेयजल समस्या का तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
ब्लॉक सीएमएचओ ने स्वीकृत पदों की जानकारी दी।इस दौरान उपखंड अधिकारी मीनाक्षी मीना, विकास अधिकारी विजयसिंह चौहान, नायब तहसीलदार प्रेमराज मीना, पूर्व प्रधान लटूरमल सैनी, जिप सदस्य हीरालाल सैनी, साबोदेवी मीना, सरपंच अमरसिंह कसाना, महाराज सिंह गुर्जर, रेणू मीना, सुरेश बुड़ली सहित अन्य मौजूद थे। प्रभातीलाल सैनी, रामेश्वर सैनी, मुरारीलाल सैनी ने समस्याओं से अगवत कराया।
महुवा/ महुवा ग्रामीण. पंचायत समिति सभागार में शुक्रवार को प्रधान मीरा खेमराज मीणा की अध्यक्षता में साधारण सभा आयोजित की गई। साधारण सभा की बैठक में विगत बैठको में आए मुद्दों की समीक्षा की गई और अधिकतर सवालों के जबाब में अधिकारियों ने लीपा पोती ही की गई। जिन पर जनप्रतिनिधि संतुष्ट नहीं हुए। वहीं टुडियाना सरपंच माधोसिंह ने मालीबांस में एकल बिन्दु का कनेक्शन करवानें की मांग की।
वहीं रामगढ़ सरपंच भौंरीलाल ने पेयजल सप्लाई का समय दो घंटे सुचारू करने सहित अन्य मांगे उठाई। वहीं बैठक के दौरान पोषाहार में ठेकेदारों द्वारा की जा रही घपलेबाजी की समस्या भी पंचायत समिति सदस्य अशोक फुलमुंडा ने उठाई और बताया कि सम्पूर्ण विधानसभा क्षेत्र में प्रतिमाह ठंडा पोषाहार सप्लाई नहीं कर फर्जी भुगतान उठाया जाता है। वहीं उक्त मामले की जांच को लेकर कमेटी गठित की गई है।
फुलमुंडा ने महुवा मंडावर स्टेट हाईवे के क्षतिग्रस्त होने के बाबजूद रिपेयरिंग नहीं कराने का मुद्दा भी उठाया। इधर विधुत विभाग की समस्याएं उठाते हुए बताया कि हुडला मे लड्डो देवी का कनेक्शन ट्रांसफार्मर दूर बता कर रोका गया है। जबकि पड़ौस के खंभे पर ही ट्रांसफार्मर लगा हुआ है।





No comments:
Post a Comment