कुंवारिया. कुरज में खण्डेल से दरीबा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 162 ए की सीमेंटेड सड़क पर विभाग की ओर से डामरीकृत सड़क बनवाई जा रही है। इसमें सड़क की मोटाई भी निर्धारित मापदण्डों के अनुसार नहीं रखी जा रही। ऐसे में ग्रामीणों ने सड़क के कम गुणवत्ता की होने व जल्द खराब होने आशंका जताते हुए रोष भी व्यक्त किया है।
खण्डेल से दरीबा तक राजमार्ग संख्या १६२ ए की प्रस्तावित डामरीकृत सड़क के निर्माण में कुरज के आबादी क्षेत्र में सड़क की मोटाई कम रखी जा रही है। साथ ही सीमेन्ट सड़क पर ही डामर सड़क बनाने से उसके कमजोर होने की भी शिकायत रहेगी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क में पेयजल की पाइप लाइन भी आ रही है। ऐसे में इसका वॉल सड़क के नीचे ही रखे जाने पर सड़क को नुकसान होगा। इसको देखते हुए वॉल को भी सड़क से दूर स्थापित किए जाने की जरूरत है।
पहले भी उखड़ी तो अब कैसे ठहरेगी
कुरज के ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी कुरज पुलिस चौकी से हनुमान मंदिर तक सीसी सड़क पर डामर बिछाया गया था, जो कुछ ही दिनो में टूटकर निकल गया था। ऐसे में ग्रामीणों का प्रश्न है कि जब पहले भी सीसी सड़क से डामर उखड़ गया था तो वह अब नहीं उतरेगा इसकी क्या गारंटी है।
ग्रामीणों ने जताया रोष
काफी लम्बे समय बाद इस खस्ताहाल सड़क की सुध लेने के बाद भी ग्रामीणों ने इसका काम घटिया किए जाने के आरोप लगाए हैं। इसको लेकर कुरज के जगदीश मण्डोवरा, पंसस. कन्हैयालाल स्वर्णकार, गोपाल बोहरा, किशनलाल टेलर, कैलाशगिरी गोस्वामी, प्रमोद मण्डोवरा, मुरली मनोहर खटीक आदि ने रोष जताते हुए गुणवत्ता पूर्ण काम नहीं होने पर विरोध जताने की चेतावनी दी है।
मजबूत होगी सड़क, मोटाई करेंगे जांच
सीमेन्ट सड़क पर डामर-कंक्रीट व गिट्टी का मिश्रण उपयुक्त है तो सड़क मजबूत बनेगी। सड़क की मोटाई को लेकर भी मौके पर जाकर जांच की जाएगी।
आरएस बैरवा, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग राजसमंद





No comments:
Post a Comment