राजसमंद/नाथद्वारा।
राजस्थान में कांग्रेस के मंत्रिमंडल में कई दिग्गजों का नाम नहीं आने से पार्टी के कार्यकर्ताओं में निराशा है। ऐसे में अब कार्यकर्ता पार्टी का खुलकर विरोध करते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री रहे डॉ सीपी जोशी को मेवाड़ से राजस्थान सरकार मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं।
कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक में पदाधिकारियों ने अभी भी समय होने का बता आलाकमान से निर्णय करने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवकीनदंन गुर्जर, पूर्व विधायक गणेश सिंह परमार के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान बैठक में उपस्थित जिले एवं क्षेत्र के पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए कहा कि नाथद्वारा से विधायक डॉ सीपी जोशी जो कि मेवाड़ के कद्दावर नेता हैं। वह मुख्यमंत्री पद के योग्य थे। लेकिन उन्हें यह पद नहीं मिलने पर राजस्थान सरकार में मंत्री पद को लेकर समस्त मेवाड क्षेत्र की जनता एवं कार्यकर्ताओं को आस थी, परंतु जोशी को इस योग्य भी नहीं समझा।
इसके विरोध में वहां उपस्थित पार्टीजनों आदि ने एक स्वर में प्रदेश एवं देश के पार्टी आलाकमान से आग्रह किया है कि अभी भी समय है कि मेवाड़ के नेता डॉ जोशी को मंत्रिमंडल में सम्मानजनक पद दिया जाए। वहीं सभी ने पार्टी के सकारात्मक रवैये के बाद मेवाड़ के समस्त कार्यकर्ता एवं मेवाड़वासी अगला कदम उठाये जाने की भी बात कही।
पूर्व विधायक परमार ने कहा कि डॉ जोशी ने कहा कि यह उपेक्षा मेवाड़ की नहीं पूरे प्रदेश की हुई है। ऐसे में इस पर विचार किया जाना चाहिए। डॉ जोशी को मंत्री पद दिया जाना चाहिए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विचार व्यक्त कर आलाकमान से पुनर्विचार की मांग की।





No comments:
Post a Comment