Breaking News
recent

अधिकारियों के पद खाली, राजस्व व्यवस्था बेपटरी

दौसा. जिले में छोटे ही नहीं कई बड़े अधिकारियों के पद खाली होने से आमजन को कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है। नांगल राजावतान व रामगढ़ पचवारा में एसडीएम व नांगलराजावान व मण्डावर में तहसीलदार समेत जिले में 27 नायब तहसीलदार समेत दर्जनों अधिकारियों के पद रिक्त होने से राजस्व, कानून व्यवस्था तो प्रभावित हो ही रही है, बल्कि लोगों के काम अटक रहे हैं।

 

 

 

वैसे तो जिले में ऐसा कोई विभाग नहीं है जिसमें सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के पद भरे हुए हैं। सभी विभागों में किसी ना किसी अधिकारी व कर्मचारी का पद रिक्त होने से लोगों के काम समय पर नहीं हो रहे हैं। जबकि यहां के लोगों ने जन प्रतिनिधियों को भी अवगत करा रखा है, लेकिन सरकार इन पदों पर अधिकारी व कर्मचारी लगाने में कंजूसी कर रही है।

 

 

 

अतिरिक्त चार्ज के भरोसे काम


कांग्रेस की पिछली सरकार ने जिले में दो नए उपखण्ड कार्यालय नांगलराजावतान एवं रामगढ़ पचवारा बनाए थे। अब इन दोनों ही कार्यालयों में उपखण्ड अधिकारियों के पद काफी समय से रिक्त हैं। इससे कानून व राजस्व व्यवस्था प्रभावित हो रही है। खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने, प्रमाण-पत्र बनवाने वालों के कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि नांगल राजावतान उपखण्ड अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार दौसा एसडीएम डॉ. जीएल शर्मा के पास है और रामगढ़पचवारा उपखण्ड अधिकारी का काम लालसोट एसडीएम देख रहे हैं।

 

 

दो तहसीलों में नहीं है तहसीलदार


दौसा जिले में मण्डावर तहसीलदार का पद भी काफी समय से खाली चल रहा है। जबकि नांगलराजावतान तहसीलदार व नायब तहसीलदार भी नहीं है। ऐसे में यहां की पूरी व्यवस्था दौसा के अधिकारियों के भरोसे है। यहां पर भूमि सम्बन्धी प्रकरण, नांमान्तकरण प्रकरण, जाति व मूल निवास प्रकरण आदि के काम अटक रहे हैं। खास कर पुलिस को भी आए दिन शांतिभंग के आरोपियों को पेश करना होता है, लेकिन यहां तीनों ही पद खाली रहने से पुलिस को भी दौसा आना पड़ता है।

 


दौसा में एसीएम समेत कई पद खाली


जिला मुख्यालय पर सहायक कलक्टर (एसीएम) का पद काफी समय से खाली है। एसीएम के पास भी अधिकतर भूमि सम्बन्धी प्रकरणों के मामले आते हैं। एसीएम का पद खाली रहने से मुकदमों का अम्बार लगा हुआ है। इसी प्रकार यहां पर जिला उपभोक्ता मंच में भी अध्यक्ष एवं महिला सदस्य का पद खाली रहने से लोगों के मुकदमों का निस्तारण नहीं हो रहा है।

 


39 पटवारियों के पद रिक्त


राजस्व व्यवस्था की नींव पटवारी होते हैं। जिले में पटवारियों के 265 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 39 पटवारियों के पद रिक्त चल रहे हैं। कई पटवारियों के पास एक से अधिक राजस्व हल्के हैं।

 


उपभोक्ता मंच का अध्यक्ष पद सात माह से खाली


जिला उपभोक्ता वाद विवाद मंच के अध्यक्ष का पद पिछले 7 महीने से खाली होने से फाइलों का अम्बार लगा हुआ है। वहीं मंच में महिला सदस्य की सीट खाली पड़ी है। इससे उपभोक्ताओं को न्याय नहीं मिल रहा है। प्रकरण दर्ज और फैसले नहीं हो पा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष राजेन्द्र जांगिड़ ने बताया कि उन्होंने इन पदों को भरने के लिए चेयरमैन राज्य उपभोक्ता आयोग जयपुर को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी है।

 


27 नायब तहसीलदारों के पद रिक्त


जिले में नायब तहसीलदारों के 35 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 27 नायब तहसीलदारों के पद रिक्त चल रहे हैं। खासकर सभी उपखण्ड अधिकारियों के पास एक-एक नायब तहसीलदार का पद होता है, उनमें से सभी पद खाली है, वहीं तहसील व उप तहसीलों में भी नायब तहसीलदारों के पद होते हंै वे भी खाली ही चल रहे हैं।

 

राजस्व से जुड़े अधिकारियों के पदों की स्थिति


पद रिक्त
एसीएम 1
एसडीएम 2
तहसीलदार 2
नायब तहसीलदार 27
पटवारी 39

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.