Breaking News
recent

पुरोहित भाजपा जिलाध्यक्ष, नियुक्ति ने चौंकाया

जितेन्द्र पालीवाल @ राजसमंद. लोकसभा चुनावों से ठीक पहले भाजपा ने कई जिलाध्यक्ष बदल दिए हैं। इनमें राजसमंद जिलाध्यक्ष पद पर नाथद्वारा के वीरेन्द्र पुरोहित को जिम्मा दिया गया है। वह भंवरलाल शर्मा का स्थान लेंगे। शर्मा का यह दूसरा कार्यकाल चल रहा था, जिसे तकरीबन छह माह हुए हैं, लेकिन आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी ने यहां भी नेतृत्व बदल दिया है।

नए जिलाध्यक्ष पुरोहित संघ से जुड़े रहे हैं। पूर्व में विश्व हिन्दू परिषद का काम भी देखते थे। वह अब तक किसी पद पर निर्वाचित नहीं रहे हैं। आमतौर पर गुटबाजी से दूर रहे हैं। माना जा रहा है कि संघ की पृष्ठभूमि से होने के कारण इन्हें यह दायित्व दिया गया है। मूलत: नाथद्वारा निवासी पुरोहित तालमेल बैठाकर चलने में विश्वास रखते हैं। दिग्गज भाजपा नेता गुलाबचंद कटारिया से नजदीकी का भी उन्हें फायदा मिला है।

गौरतलब है कि जिलाध्यक्ष की दौड़ में पूर्व पालिकाध्यक्ष महेश पालीवाल, विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, पूर्व विधायक हरि सिंह रावत जैसे दिग्गजों के नाम भी चर्चा में थे। पुरोहित नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से आते हैं, लेकिन हाल ही के विधानसभा चुनाव में पार्टी को उनके नेतृत्व में वहां हार का मुंह देखना पड़ा था। हालांकि तमाम कोशिशों और वरिष्ठ होने के बावजूद पुरोहित नाथद्वारा में संगठन में गुटबाजी रोकने में नाकाम रहे। उनकी जिले के कुम्भलगढ़, राजसमंद और भीम विधानसभा क्षेत्र में पकड़ कमजोर रही है, लेकिन माना जा रहा है कि नया दायित्व मिलने के बाद वह समीकरण साधने में सफल होंगे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.