लालसोट. शहर में इस माह 12 जनवरी की रात्रि से लेकर 19 जनवरी की रात्रि तक गुजरे एक सप्ताह में सूने मकानों में पांच चोरी की वारदातें होने के बाद लालसोट का पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया है। पुलिस ने रविवार से शहर के वार्ड 1,2,3,4 व 5 की विभिन्न कॉलोनियों में घर घर जाकर किराएदारों का सर्वे किया और संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई।
लालसोट के नवनियुक्त थाना प्रभारी राजेन्द्रकुमार मीना की अगुवाई में पुलिस दल ने रविवार को शहर की मीना कॉलोनी, सुरक्षित नगर, ईदगाह कॉलोनी, जगदम्बा कॉलोनी समेत कई इलाकों में घर घर पहुंच कर किराएदारों के पहचान दस्तावेज जुटाए। इस दौरान सभी जगह थाना प्रभारी ने लोगों को नियमित गश्त का भरोसा देते हुए कहा कि वे भी अपने अपने इलाकों पर निगरानी रखें और संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों के बारे में तत्काल पुलिस को जानकारी दें।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस तरह का अभियान पूरे शहर में चलाया जाएगा और आने वाले दिनों में शहर के प्रत्येक मकान में रहने वाले किराएदारों की जानकारी जुटाई जाएगी। संदिग्धों पर निगाह रखने के लिए नियमित रूप से पूरे शहर में सादा वर्दी में भी पुलिस के जवानों द्वारा गश्त की जाएगी।(नि.प्र)
सुरक्षित नगर बना समाजकंटकों का अड्डा
शहर का सुरक्षित नगर नाम के विपरीत सबसे असुरक्षित क्षेत्र बन गया है। क्षेत्र के वांशिदों ने बताया कि सुरक्षित नगर अब समाज कंटकों का अड्डा बन गया है, दिन मेें भी खुले आम समाज कंटक खाली भूखंडों में बैठ कर शराब का सेवन करते है और दिन व रात्रि को कभी भी संदिग्ध व समाजकंटक वाहनों पर घूमते रहते हैं।
क्षेत्र के वांशिदों ने बताया कि अब तक यहां आधा दर्जन मकानों में चोरी की वारदातों का प्रयास हो चुका है। कई सूूने मकानों के ताले भी टूट चुके हैं। चोरी की घटनाओं से कॉलोनीवासियों में दहशत व्याप्त है। शनिवार रात्रि को भी लोगों ने रात भर जागकर चोरों से अपनी सुरक्षा की है। (नि.प्र)





No comments:
Post a Comment