सांचौर. क्षेत्र में चोरी की बढ़ती वारदातों पर पुलिस लगाम नहीं लगा पा रही है। आए दिन सार्वजनिक स्थानों से वाहनों और अन्य वस्तुओं की चोरियां होने के बावजूद पुलिस प्रशासन इस बारे में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। जिसके कारण चोरों के हौसले भी बुलंद होते जा रहे हैं। गत मंगलवार की रात को भी शहर में कुछ ऐसा ही हुआ। सांचैर निवासी गणेशाराम पुत्र जालाराम विश्नोई ने व्यवसायी बाबूलाल एण्ड संस की फर्म के आगे उसकी ट्रक खड़ी की थी और इसके कुछ देर बाद ही वह घर चला गया था, लेकिन अगले दिन बुधवार सुबह जब वह मौके पर पहुंचा तो ट्रक से बैटरी गायब थी। ऐसे में मालिक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इधर, शहरवासियों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने को लेकर पुलिस नाकाम साबित हो रही है। पुलिस की ओर से चोरों तक नहीं पहुंच पाने के कारण चोरों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। पेट्रोल पंप पर हुई चोरी के बाद पुलिस की रात्रि गश्त व पेट्रोलिंग को लेकर पुलिस प्रशासन की पोल खुल कर सामने आ रही है। व्यवसायियों का कहना है कि रात्रि गश्त के अभाव में सड़कों व दुकानों के सामने रखे वाहन चोरी हो रहे हैं। फिर भी पुलिस को चोरों का कोई सुराग नहीं मिलना उनकी कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर रहा है।
हर जगह लगे हैं सीसीटीवी कैमरे
शहर में निजी भवनों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के आगे भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैंं। इसके अलावा चोरी की वारदातों को लेकर के मुख्य चैराहों व प्रशासनिक कार्यलयों के मुख्य द्वार पर भी इस तरह के कैमरे लगे हैं। इसके बावजूद पिछले कई दिनों की चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही है। वहीं शहर के इस पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से पुलिस चारों का पता नहीं लगा पाई है। जिसका खामियाजा व्यापारी भुगत रहे हैं।
रात में यहां शराबियों का जमावड़ा
शहर की मुख्य सड़कों पर लम्बे समय से दर्जनों ढाबे संचालित हो रहे हैं। जहां रात में शराबियों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में शहरवासियों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर यह भी मुख्य वजह हो सकती है। होटल संचालकों का देर रात तक शराबियों को शरण देना भी इसकी मुख्य वजह है।





No comments:
Post a Comment