जैसलमेर. सीमावर्ती जैसलमेर जिले का आमजन शीतलहर के कारण घरों में गर्म रजाइयों में भी कांप रहे हैं और दूसरी तरफ भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ दिन ही नहीं पूरी-पूरी रात डटे हुए हैं। घने कोहरे में जब हाथ को हाथ तक दिखाई नहीं देता तब बल के जवानों की चौकस निगाहेें तारबंदी के उस पार किसी तरह की छोटी से छोटी हलचल को भी ताड़ लेने को आतुर नजर आती है।कहने के लिए नहीं वास्तव में सर्द हवाओं के झोंकों के बीच अदम्य साहस और बुलंद हौसला रखने वाले जवानों में देशभक्ति का ज्वार उफान पर है। जैसलमेर में पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्र में चल रहे ऑपरेशन अलर्ट सर्द हवा के दौरान किसी भी तरह की अवांछनीय गतिविधि का जवाब देने के लिए भी जवान हरदम तैयार रहते हैं।
रेतीले धोरों पर ठंडक हद पार
इन दिनों सीमा क्षेत्र में शरीर को सुन्न करने वाली सर्द हवाएं चल रही हैं और सुबह देर तक कोहरा छाया रहता है। रात के समय ओस गिरने से वातावरण असहनीय ठंडक से भर जाता है। सीमा क्षेत्र में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री या उसके आसपास बना होने के बावजूद देश की सीमा की रक्षा के लिए संकल्पित जवान अडिग इरादों से ड्यूटी दे रहे हैं। जानकारी के मुताबिक सीसुब ने चैक पोस्ट सहित तमाम सीमा चौकियों पर नफरी बढ़ा दी है। जीरो लाइन पर पेट्रोलिंग में इजाफा किया गया है। खराब मौसम के चलते इसमें और तेजी लाई जा रही है। ऑब्जर्वेशन पोस्ट से जवान सीमा रेखा पर नजरें जमाए हुए है और हर एक हरकत की रिपोर्ट अधिकारियों को दे रहे हैं। रात के समय भी अम्बुश लगाकर सतत रूप से पेट्रोलिंग की जा रही है।
इंतजामों में कमी नहीं
सीसुब के जवानों को बर्फीले अनुभव होने वाले रेगिस्तान में मुस्तैदी से ड्यूटी करने में गर्मा-गर्म चाय के साथ अच्छी गुणवत्ता वाले गर्म कपड़े, हैडकेप, जूते मदद कर रहे हैं।जवान सरहद की रक्षा करने को लेकर संकल्पित हैं और उनके जोश में कोई कमी नहीं है। वे बताते हैं कि वे संयम से रहते हैं लेकिन किसी ने अगर देश की सीमा का लांघने का प्रयास किया तो वे माकूल जवाब देने से नहीं हिचकिचाते। मौसम संबंधी परेशानियों से बेपरवाह शत्रु की हर हरकत पर चौकन्ने सीसुब के सुरक्षा प्रहरी बताते हैं कि उन्हें कश्मीर से लेकर जैसलमेर के रेगिस्तान और गुजरात के रण क्षेत्र तक में ड्यूटी करने का अनुभव है। ऐसे में मौसम उनकी ड्यूटी के आड़े नहीं आ पाता। ऑपरेशन सर्द हवा के चलते सीमा क्षेत्र में अधिकाधिक जवानों को तैनात किया गया है। अधिकारी भी लगातार बॉर्डर पर पहुंचकर प्रहरियों से हालात की जानकारी ले रहे हैं। नए हथियारों के साथ तकनीकी उपकरणों की भी आजमाइश की जा रही है। ऊंटों के साथ वाहन पेट्रोलिंग में काम आ रहे हैं। जवान सूर्योदय के साथ खुरा चैकिंग पेट्रोलिंग करते हैं। इस पेट्रोलिंग के बाद फुट पेट्रोलिंग शुरू होती है, जिसमें सीसुब के जवान धोरों पर आए चिह्नों की जांच में जुटते हैं।
फैक्ट फज्ञइल -
- 17 जनवरी से शुरू हुआ ऑपरेशन सर्द हवा
-01 पखवाड़े तक चलेगा अभियान
-471 किलोमीटर लम्बी सीमा जैसलमेर जिले में
मुस्तैद है सीसुब
प्रत्येक मौसम में सीमा सुरक्षा बल के जवान और अधिकारी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी को अंजाम देते हैं। ऑपरेशन सर्द हवा के दौरान सीमा क्ष् ोत्र पर हालात पूरी तरह से सामान्य हैं, फिर भी हम हर समय चौकस रहते हैं।
-एमएस राठौड़, उपमहानिरीक्षक, सीसुब, जोधपुर





No comments:
Post a Comment