मेहंदीपुर बालाजी.
शनि अमावस्या पर धार्मिक नगरी मेहंदीपुर धाम में शनिवार को दान-पुण्य का दौर चला। बालाजी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष व सिद्धपीठ के महंत किशोरपुरी ने सर्वप्रथम शनि महाराज का पूजन किया। इसके बाद मीणा सीमला, उदयपुरा, अरनिया व पटोदा स्कूलों की एक हजार 127 जरुरतमंद स्कूली बालिकाओं को ऊनी वस्त्र व स्कूल ड्रेस तथा ब्राह्मणों व कुष्ठ आश्रम के 544 लोगों को ऊनी कार्डिगन का वितरण किया गया। इससे पहले सभी को भोजन कराकर प्रसादी का वितरण किया गया। शनि अमावस्या का महत्व बताते हुए महंत किशोरपुरी ने कहा कि शनिवार को अमावस्या होने से शनि अमावस्या का शुभ योग बना है। इसके अलावा हिन्दू कैलेंडर के अनुसार पौष महीने की अमावस्या होने से इसका महत्व और भी बढ़ गया है। शनि अमावस्या का व्रत करके शनि देव की पूजा करने से पितृदोष तो खत्म होते ही हैं, इसके साथ ही शनिदेव भी प्रसन्न होते हैं। महंत ने कहा कि व्रत और पूजा के साथ आज अपनी श्रद्धा के अनुसार दान भी करना चाहिए। दान करने से हर तरह की परेशानियां खत्म हो जाती है। उन्होंने कहा कि अमावस्या तिथि विशेष प्रभाव की तिथि मानी जाती है। इस दिन दान और पूजा उपासना का विशेष महत्व होता है। महंत ने कहा कि साल का पहला ग्रहण शनिवार के दिन पडऩे के कारण इसका महत्व काफी बढ़ गया है। सूर्य ग्रहण भले ही भारत में दिखाई नहीं पडेगा, लेकिन इस दिन शनैश्चरी अमावस्या होने की वजह से यह दिन बेहद खास हो जाता है।
पौष बड़ा महोत्सव कल
लालसोट. जगनेर गांव के रायमल बाबा के मंदिर पर 7 जनवरी को पौष बड़ा महोत्सव का आयेाजन होगा। यह जानकारी ओमप्रकाश शर्मा ने दी। (नि.प्र)
घर-घर किया सम्पर्क
दौसा ग्रामीण. उड़ान धोबी सेवा संस्थान की ओर से समाज मेंं व्याप्त बुराइयों को दूर करने के उद्देश्य से घर-घर सम्पर्क किया गया। जिलाध्यक्ष वीनेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस दौरान सदस्यता फॉर्म भरवाए गए एवं संत गाडगे की विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस मौके पर दौसा अध्यक्ष राकेश, जिला उपाध्यक्ष मोहित, राजेन्द्र एवं प्रवक्ता ओमप्रकाश आदि मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment