दौसा ग्रामीण. राजस्थान मिड डे मिल वर्कर्स यूनियन की ओर से कुक कम हैल्परों ने बुधवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहकर पोषाहार कार्य का बहिष्कार कर सरकारी विद्यालयों में भोजन नहीं पकाया। इस दौरान उन्होंने नेहरू पार्क में एकत्र होकर रैली निकाली। जो गांधी तिराहा, पीजी कॉलेज, सोमनाथ तिराहा होते हुए कलक्टे्रट पहुंची। इसके बाद पीएम व सीएम के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
रैली को संबोधित करते हुए सीपीआईएम जयपुर जिला सचिव सुमित्रा चौपड़ा ने कुक कम हैल्परों को 18 हजार रुपए मानदेय देने की मांग की। इस दौरान एमडीएम प्रदेश संयोजक बाबूलाल एवं कोषाध्यक्ष विजयसिंह तंवर ने भी रैली को संबोधित किया।जिलाध्यक्ष पप्पूलाल योगी, जिला सचिव मंजू गौड़, माधोलाल सोनी, कैलाशचन्द्र शर्मा, मोना सैनी, सुशीला सैनी, शकुन्तला सैन, गुड्डी शर्मा, राजेन्द्र जागा, कालूराम प्रजापत, कमलेश सैन, लाडोदेवी, रूकमणी सैनी, उर्मिला सैनी, मंजू सैन, उर्मिला जांगिड़, लल्लीदेवी, बदाम मीना, प्रभाती सैनी एवं रामपती सैनी आदि मौजूद थी।
कारागृह का किया निरीक्षण
दौसा. अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सैशन न्यायाधीश) दौसा गिरीश कुमार शर्मा एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दौसा रेखा वधवा ने बुधवार को जिला कारागृह, दौसा का निरीक्षण किया। गिरीश कुमार शर्मा ने निरीक्षण के दौरान बंदियों की बैरकों की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था एवं मूलभूत सूविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कारागृह में सफाई व्यवस्था एवं कैदियों की मूलभूत सुविधाओं के सम्बन्ध में उप-अधीक्षक जिला कारागृह दौसा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
साथ ही कारागृह में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया। बंदियों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। कैदियों को 12 जनवरी को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत एवं प्ली वार्गेनिंग के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
रेखा वधवा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिन बंदीगण के प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन उनकी ओर से किसी अधिवक्ता द्वारा पैरवी नहीं की जा रही है, उनकी ओर से पैरवी के लिए अधिवक्ता की सेवाएं ंजिला विधिक सेवा प्राधिकरण दौसा द्वारा उपलब्ध करवाने के लिए आवेदन पत्र भरवाने के लिए उप-अधीक्षक जिला कारागृह दौसा को निर्देश दिए गए।
झूलते तारों से हादसे की आशंका
गुढ़लिया-अरनिया. ग्राम पंचायत अरनिया के भट्टा वाली ढाणी के समीप झूलते बिजली के तारों से हादसे की आशंका बनी हुई है, लेकिन निगम प्रशासन का तारों की मरम्मत कराए जाने की ओर कोई ध्यान नहीं है। ग्रामीण अमरसिंह एवं रामकरण गुर्जर ने बताया कि खेतों में होकर 11 हजार केवी के बिजली के तार जमीन से झूलते हुए गुजर रहे हैं। इससे फसलों की सिंचाई करने व जुताई-बुवाई करने में खासी परेशानी होती है। आए दिन इन तारों के छूने का डर सताए रहता है। इससे कई खेतों में तो बुवाई तक नहीं करते हैं। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। लाइनमैन विजयसिंह गुर्जर का कहना है कि झूलते तारों के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।





No comments:
Post a Comment