नैनवां/बूंदी.
कस्बे के लोहड़ी चौहटी स्थित प्रेमचंद बोहरा ज्वैलर्स की दुकान से एक व्यक्ति सोमवार को नैनवां थाने का पुलिस सब इंस्पेक्टर बनकर 51 ग्राम सोने के आभूषण ले गए। ठगी की वारदात के बाद बाजार में दहशत फैल गई। लोगों के माजरा समझ में आया तब तक ठग दूर जा चुका था।
सूचना पर प्रशिक्षु आरपीएस धर्मेन्द्र डुकिया व थानाधिकारी लखनलाल मीणा ने बाजार में पहुंचकर पूछताछ की। बाद में नाकाबंदी कराई। बाजार में सीसीटीवी भी खंगाले लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। जानकारी के मुताबिक ठग ने एक अन्य दुकान पर भी ठगी का प्रयास किया था, लेकिन वहां दुकानदार की सजगता काम आ गई। ठगी कर आभूषण ले जाने वाले युवक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है।
बाइक पर लगा रखा था पुलिस का स्टीकर
ज्वैलर्स प्रेमचंद ने पुलिस को बताया कि दोपहर 12 बजे एक युवक दुकान पर आया और खुद को नैनवां थाने का सब इंस्पेक्टर बताया। पचास ग्राम सोने के आभूषण खरीदने की बात कही।युवक बाइक से आया था, जिसके आगे पुलिस का स्टीकर लगा था। उसने पांच जोड़ी कानों के टॉप्स व पांच अंगूठियां पसंद की जिनका वजन 51 ग्राम 600 मिलीग्राम हुआ। वह थाने में परिजनों को बताने की बात कहते हुए आभूषण को ले गया। नाम पूछने पर उसने सुरेश शर्मा बताया। जब रवाना हुआ तो बाइक पर नम्बर नहीं थे, तब शंका हुई। मुनीम और अन्य दुकानदारों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।
यहां सजगता से नहीं कर पाया ठगी
ज्वैलर्स राधेश्याम सोनी की दुकान पर भी उसने आभूषण देखे थे। सोनी से दुकान पर अंगूठी दिखाने को कहा तो उसने एक अंगूठी पसंद की और थाने ले जाने की बात कहने लगा, लेकिन सोनी ने इनकार कर दिया। राधेश्याम ने बताया कि युवक उनकी दुकान पर भी पुलिस अधिकारी बनकर ही आया था।
रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात के खिलाफ पुलिस अधिकारी बनकर ठगी कर जेवरात चोरी का मामला दर्ज कर लिया। जांच कर रहे हैं। पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
लखनलाल मीणा, थानाधिकारी, नैनवां





No comments:
Post a Comment