बांदीकुई. अलवर-बांदीकुई रेल मार्ग पर नारायणपुरा के समीप शनिवार सुबह रेल लाइन में फ्रेक्चर हो गया। घटना की सूचना पर काठगोदाम-रानीखेत एक्सप्रेस को धौलीगुमटी रोक दिया गया। इसके बाद फ्रेक्चर वाले स्थान पर जोगल प्लेट बांधकर करीब 15 मिनट बाद ट्रेन को गुजरा गया। करीब दो घण्टे मरम्मत के बाद रेल यातायात सुचारू हुआ।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे ट्रेकमैन भवानीसिंह को पेट्रोलिंग के दौरान किलोमीटर संख्या 137/7 पर रेल लाइन में फ्रेक्चर दिखाई दिया। इसी बीच ट्रेकमैन रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन के आने की सूचना होने पर धौलीगुमटी की ओर दौड़ पड़ा। जहां रानीखेत एक्सप्रेस को रुकवा दिया। इसके बाद रेलकर्मियों ने फ्रेक्चर वाले स्थान पर जोगल प्लेट बांधकर कॉशन ऑर्डर देकर रानीखेत एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों को गुजारा। ट्रेकमैन की सजगता के चलते बड़ा हादसा टल गया। सूत्रों के अनुसार फ्रेक्चर करीब 15 एमएम का था। इससे हादसा होने की आशंका थी।
करीब दो घण्टे तक रेलकर्मियों ने मरम्मत की। इस बीच ट्रेनों को कॉशन ऑर्डर देकर गुजारा। खास बात यह है कि अब तक हुए कुल 7 में से 6 फे्रक्चर बांदीकुई से बसवा के बीच हुए हैं। हालांकि रेल प्रशासन सर्दी के दिनों में फ्रेक्चर होना आम बात होना बता रहा है, लेकिन इस 12 किलोमीटर परिक्षेत्र में ही अधिक फ्रेक्चर होने से सवाल खड़े हो रह हैं। रेल प्रशासन की कार्यशैली को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, जबकि रेल प्रशासन की ओर से सर्दी से पहले बस्सी से राजगढ़ के बीच रेलवे ट्रेक की जांच की गई थी।
रेल पटरी कमजोर होने, ज्वाइंट एवं घुमाव वाले स्थानों को चिह्नित कर ऐहतियात के तौर पर जोगल प्लेटें बांधकर लकड़ी के गुटके लगाए गए थे। इसके बाद भी फ्रेक्चरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि रेल प्रशासन की ओर से सर्दी की ठिठुरन बढऩे के साथ ही पेट्रोलिंग भी तेज कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले दो बार एफसीआई गोदाम के पीछे, दो बार नारायणपुरा, एक बार गुल्लाना एवं एक बार कोलवा स्टेशन के समीप फ्रेक्चर हो चुका है। रेल सूत्रों का कहना है कि दिन में धूप से पटरियां फैलती हैं व रात को ठण्ड अधिक पडऩे से सिकुड़ती हैं। इससे रेल लाइन क्रेक हो जाती है।





No comments:
Post a Comment