रायपुर मारवाड़. सेंदड़ा थाना क्षेत्र के चांग के पास तीन दिन में हुए दो बड़े हादसों के बाद बजरी खनन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस लिया है। हालांकि अभी तक खनिज विभाग के जिम्मेदारों की नींद नहीं खुली हे। सेंदड़ा पुलिस ने रविवार को सघन अभियान चलाकर बजरी से लदे पांच ट्रैक्टर जब्त किए। पांच खननकर्ताओं को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। थानाप्रभारी सुरेश चौधरी ने बताया कि बजरी खनन के खिलाफ विशेष अभियान शुरू करते हुए तीन टीमें गठित की हैं। इन टीमों को नदी से सटे गांवों में भेजकर छापा कार्रवाई करवाई। टीम ने श्यामपुरा व नानणा से ट्रैक्टर ट्रॉली में बजरी भरकर ब्यावर के लिए रवाना होते पांच जनों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। पुलिस ने बजरी से लदे पांच ट्रैक्टर जब्त किए। गिरफ्तार लोगों में तीन ट्रैक्टर चालक है।
डम्पर पर सख्ती तो बदला तरीका
रायपुर व सेंदड़ा पुलिस ने गांवों से बजरी खनन कर ब्यावर जाते डम्पर जब्त किए। इससे डम्पर से आपूर्ति बंद हो गई। खननकर्ताओं ने नया तरीका इजाद किया। वे ट्रैक्टर ट्रॉली में बजरी लाद गांवों के रास्ते ब्यावर जाने लगे।
अधिक दामों में बेचते हैं बजरी
ब्यावर में बजरी के मनमर्जी के दाम मिलते है। डम्पर चालक प्रति फेरे का 16 हजार वसूलते है। जबकि ट्रैक्टर चालक छह से सात हजार रुपये वसूलते हैं। रायपुर व जैतारण क्षेत्र के गांवों से बड़े स्तर पर बजरी ब्यावर भेजी जा रही है। डम्पर फोरलेन से गुजरते थे, जबकि ट्रैक्टर ट्रॉली गांवों के रास्ते से ब्यावर में प्रवेश करने लगे।
इन दो हादसों से घर कर गई दहशत
तीन दिन पहले चांग में बजरी से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने स्कूटी को चपेट में ले लिया।
हादसे में तीन साल की मासूम नायरा की मौत हो गई। जबकि नायरा के पिता व दादी घायल हो गए। शनिवार रात देवनगर चांग में बजरी से लदा ट्रैक्टर ट्रॉली विद्युत पोल को तोड़ भंवर सिंह के मकान में जा घुसा। हादसे में चार जने चोटिल हो गए।
एक भी मुकदमा नहीं
बजरी खननकर्ताओं के खिलाफ सम्बन्धित थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए कलक्टर ने खनिज विभाग को सख्त आदेश दे रखे हैं। इसके बावजूद खनिज विभाग प्रकरण दर्ज कराने की बजाय आज तक सिर्फ पुलिस द्वारा पकड़े गए डम्पर व ट्रैक्टर ट्रॉली मालिक से जुर्माना वसूल इति श्री कर रहा है।





No comments:
Post a Comment