श्रीगंगानगर। श्रीकरणपुर रोड पर चुंगी के पास रेलवे फाटक से सटी सरकारी भूमि पर बनी ग्यारह दुकानो को एक साथ तोडऩे के लिए नगर परिषद का अमला शनिवार सुबह पौने सात बजे पहुंच गया। लेकिन दोपहर बारह बजे तक पुलिस फोर्स नहीं आने से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।
नगर परिषद के सचिव लाजपत बिश्नोई की अगुवाई में इस अमले ने सुबह सात बजे अतिक्रमण हटाने के लिए दो एक्सकेवेटर मशीन, चार ट्रेक्टर ट्रॉलियों और बाइस सफाई कर्मियों की टीम भी बुला ली। लेकिन वहां पूर्व पार्षद प्रेम नायक ने यह कहते अड़चन डाल दी कि इन दुकानेां के संबंध में डीएलबी में निगरानी अपील दायर की हुई है।
इस संबंध में डीएलबी ने आठ जनवरी की तारीख भी तय की है। इसमें नगर परिषद आयुक्त को भी जयपुर स्थित डीएलबी कार्यालय में तलब किया हुआ हैै। ऐसे में जब तक सुनवाई की प्रक्रिया पूरी नहीं होती तब तक अतिक्रमण को तोड़ा नहीं जा सकता। नायक के समर्थन में अन्य कब्जेधारी भी वहां आकर जमा हो गए। ऐसे में नगर परिषद आयुक्त को पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया गया तो उन्होंने पुलिस फोर्स की देखरेख में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए।
सुबह सात बजे से दोपहर करीब बारह बजे तक नगर परिषद का अमला अतिक्रमण स्थल पर पुलिस फोर्स का इंतजार करता रहा। सचिव बिश्नोई का कहना था कि जब तक पुलिस फोर्स नहीं आएगी तब तक कब्जे हटाने की प्रक्रिया नहीं की जाएगी। उन्होंने आंशका जताई कि यहां झगड़े होने के आसार है।
ज्ञात रहे कि इन अतिक्रमण के विरोध में आईडीपी के राजेश भारत के अलावा नगर परिषद सभापति अजय चांडक ने भी नगर परिषद आयुक्त को शिकायत की थी। आयुक्त के अनदेखी किए जाने पर जिला प्रशासन से भी अतिक्रमण हटाने की गुहार लगाई थी। पिछले दिनों सभापति ने डीएलबी में भी यह मामला उठाते हुए कब्जा साफ करने की मांग दोहराई। इस पर नगर परिषद प्रशासन ने करणपुर रोड चुंगी के पास अतिक्रमण का सर्वे कराया। इसमें पाया गया कि वहां गीता भाट, रानीदेवी, मंगतराम, टींकू व किशनलाल ने 11 अवैध दुकानों का निर्माण कर लिया था। यह निर्माण विधानसभा चुनाव के दौरान एक राजनीतिक दल से जुड़े पदाधिकारी की एप्रोच से किया गया था।
आयुक्त ने अतिक्रमण हटाने के लिए 13 सदस्यीय टीम अधिकृत की। इसमें नगर परिषद सचिव लाजपत बिश्नोई के अलावा राजस्व अधिकारी मिलखराज चुघ, सहायक अभियंता, स्वास्थ्य अधिकारी, पैरोकार प्रेम चुघ, कनिष्ठ अभियंता के अलावा स्वास्थ्य निरीक्षक सुमित फुटेला, कनिष्ठ सहायकसंजीव लबाना, वक्र्स मिस्त्री धर्मपाल शर्मा आदि शामिल है।





No comments:
Post a Comment